Air India Flight Damage : दिल्ली एयरपोर्ट पर मौसम का कहर, खड़े-खड़े क्षतिग्रस्त हो गए एअर इंडिया के 3 विमान
आईजीआई हवाई अड्डे पर खड़े एअर इंडिया के तीन विमानों को जमीनी उपकरण से नुकसान, परिचालन से हटाए गए
Air India Flight Damage : दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (आईजीआई) के टर्मिनल-2 पर खड़े एअर इंडिया के तीन छोटे विमानों को रविवार को उस समय नुकसान पहुंचा, जब अचानक तेज हवा और बारिश के कारण जमीन पर मौजूद सहायक उपकरण उनसे टकरा गए। संचालक ने कहा कि टक्कर लगने के बाद तीनों विमानों को परिचालन से हटा दिया गया है।
उसने कहा कि अचानक खराब मौसम के कारण एअर इंडिया इंजीनियरिंग और इंडिगो के जमीनी उपकरण अपनी जगह से खिसक गए और टर्मिनल-2 पर खड़े विमानों से टकरा गए। निजी संचालक ने यह भी कहा कि वायु यातायात नियंत्रण (एटीसी) ने मौसम में किसी बदलाव को लेकर हवाई अड्डा संचालक या विमानन कंपनियों को कोई चेतावनी जारी नहीं की थी।
एअर इंडिया ने इस घटना पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। हालांकि, विमानन कंपनी के एक सूत्र ने कहा कि खराब मौसम के कारण एअर इंडिया के तीन विमानों के साथ ही अन्य संचालकों के विमान भी प्रभावित हुए। सूत्र ने कहा कि प्रभावित तीन विमानों में से दो जल्द परिचालन में लौट आएंगे, जबकि तीसरे विमान को ठीक करने में थोड़ा अधिक समय लगेगा।
