Adani SEC Case: अमेरिकी SEC नोटिस स्वीकार करने पर सहमत गौतम अदाणी, 90 दिनों में देंगे कानूनी जवाब
Adani SEC Case: यह जानकारी न्यूयॉर्क की एक संघीय अदालत में दाखिल दस्तावेज़ से सामने आई
Adani SEC Case: उद्योगपति गौतम अदाणी और उनके भतीजे सागर अदाणी ने अमेरिका की सिक्योरिटीज एंड एक्सचेंज कमीशन (SEC) द्वारा दायर सिविल फ्रॉड मामले में कानूनी नोटिस प्राप्त करने पर सहमति दे दी है। यह जानकारी न्यूयॉर्क की एक संघीय अदालत में दाखिल दस्तावेज़ से सामने आई है। यह मामला निवेशकों को कथित तौर पर रिश्वतखोरी से जुड़ी जानकारी को लेकर गुमराह करने के आरोपों से संबंधित है। यह सहमति अदालत की मंजूरी के अधीन है।
ब्रुकलिन स्थित फेडरल कोर्ट में दाखिल दस्तावेज़ के अनुसार, SEC और गौतम व सागर अदाणी के अमेरिकी वकीलों ने इस बात पर सहमति जताई है कि नोटिस को वकीलों के माध्यम से स्वीकार कर लिया जाए, जिससे अदालत को यह तय करने की आवश्यकता नहीं रहेगी कि नोटिस कैसे तामील कराया जाए।
संयुक्त आवेदन (स्टिप्युलेशन) अदालत की स्वीकृति के लिए प्रस्तुत किया गया है। यदि अदालत इसे मंजूरी देती है, तो अदाणी पक्ष को 90 दिनों के भीतर या तो SEC की शिकायत खारिज करने की अर्जी दाखिल करने या अपना पक्ष रखने का अवसर मिलेगा। इसके बाद SEC को 60 दिनों में जवाब देने और प्रतिवादियों को 45 दिनों में प्रत्युत्तर दाखिल करने का समय मिलेगा।
SEC ने नवंबर 2024 में मुकदमा दायर करते हुए आरोप लगाया था कि गौतम और सागर अदाणी ने अदाणी ग्रीन एनर्जी लिमिटेड (AGEL) से जुड़ी जानकारियों में झूठे और भ्रामक बयान देकर अमेरिकी प्रतिभूति कानूनों का उल्लंघन किया।
इसके अलावा, न्यूयॉर्क के ब्रुकलिन में संघीय अभियोजकों ने अदाणी और अन्य लोगों पर भारत में सोलर पावर कॉन्ट्रैक्ट हासिल करने के लिए कथित तौर पर 265 मिलियन डॉलर की रिश्वत योजना में शामिल होने का आरोप लगाया है। हालांकि, अदाणी समूह ने सभी आरोपों से लगातार इनकार किया है।
दोनों मामले पिछले एक साल से अधिक समय से रुके हुए थे, क्योंकि अदाणी भारत में थे और उन्हें नोटिस तामील नहीं कराया जा सका था। हाल ही में SEC ने ईमेल और अमेरिकी वकीलों के जरिए वैकल्पिक तरीके से नोटिस देने की अनुमति मांगी थी।
AGEL ने स्टॉक एक्सचेंज को दी गई सूचना में कहा कि नोटिस स्वीकार करना केवल एक प्रक्रियात्मक कदम है और गौतम व सागर अदाणी या तो SEC की शिकायत खारिज कराने की अर्जी देंगे या विधिक जवाब दाखिल करेंगे।
कंपनी ने यह भी स्पष्ट किया कि अदाणी परिवार के खिलाफ अमेरिकी विदेशी भ्रष्ट आचरण अधिनियम (FCPA) के तहत कोई आरोप नहीं हैं और न ही कंपनी इन मामलों में पक्षकार है।
अदाणी समूह ने बताया कि AGEL के कारोबारी संचालन सामान्य रूप से जारी हैं, सभी परियोजनाएं योजना के अनुसार चल रही हैं और कंपनी की वित्तीय स्थिति मजबूत बनी हुई है। समूह ने कहा कि वह सभी क्षेत्रों में उच्चतम स्तर के कॉरपोरेट गवर्नेंस, पारदर्शिता और नियामकीय अनुपालन का पालन करता है।
गौरतलब है कि गौतम अदाणी ने इस मामले में अपने बचाव के लिए प्रसिद्ध वॉल स्ट्रीट वकील रॉबर्ट जियुफ्रा जूनियर को नियुक्त किया है, जिनके ग्राहकों में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप भी शामिल हैं।

