Dak Kanwar Accident: फतेहगढ़ साहिब में तेज रफ्तार कार का कहर, 4 कांवड़ियों को कुचला, 3 की मौत
सरहिंद-मंडी गोबिंदगढ़ हाईवे पर हुआ हादसा, मृतक कोटकपूरा के रहने वाले थे, गंगोत्री से कांवड़ लेकर फरीदकोट लौट रहे थे शिव त्रिलोकी नाथ और न्यू शिव कांवड़ संघ के सदस्य
पंजाब के फतेहगढ़ साहिब में तेज रफ्तार कार का कहर देखने को मिला, जहां कार ने 4 कांवड़ियों को कुचल दिया, जिससे 3 की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 1 की हालत गंभीर बनी हुई है।
कांवड़ यात्री शिवरात्रि के लिए गंगोत्री से गंगाजल की डाक कांवड़ लेकर फरीदकोट लौट रहे थे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है।
हादसा सरहिंद-मंडी गोबिंदगढ़ के बीच हाईवे पर हुआ। सभी मृतक कोटकपूरा के रहने वाले हैं। इसमें डॉक्टर हरपाल गली निवासी जगदीश मित्तल (40), हरीनौ रोड निवासी महेंद्र पाल ( 43) और सुरगापुरी निवासी दीपक कुमार(42) शामिल हैं। जबकि गंभीर घायल कोटकपूरा के सरकारी गर्ल स्कूल के पास रहने वाले मुकेश गोयल को अस्पताल भर्ती करवाया गया है।
प्राप्त सूचना अनुसार, यह कांवड़िए कोटकपूरा से 2 अलग-अलग कांवड़ संघों के साथ गंगोत्री से डाक कांवड़ लाने के लिए रवाना हुए थे। 30 जुलाई को वे गंगोत्री के लिए रवाना हुए थे और 10 अगस्त, सोमवार को कांवड़ लेकर कोटकपूरा वापस लौटना था। कोटकपूरा के प्राचीन डेरा दूधाधारी से शिव त्रिलोकी नाथ कांवड़ संघ तथा श्री रामबाग मंदिर से न्यू शिव कांवड़ संघ के जत्थे गंगोत्री से डाक कांवड़ लाने के लिए रवाना हुए थे। इसी दौरान वापसी के समय यह घटना घट गई।

