Narayangarh firing: नारायणगढ़ में पैसों के विवाद ने लिया खूनी रूप, युवक ने दादी समेत तीन पर चलाई गोलियां, मौत
Narayangarh firing: बिचपड़ी गांव में मिट्टी निकालने के ठेके में हिस्सेदारी को लेकर हुआ विवाद, दादी की मौके पर मौत; भाई और चाचा ने भी तोड़ा दम
Narayangarh firing: हरियाणा के नारायणगढ़ क्षेत्र में पारिवारिक विवाद ने शनिवार को खूनी रूप ले लिया। खंड शहजादपुर के गांव बिचपड़ी में खेत से मिट्टी निकालने के ठेके में हिस्सेदारी और पैसों के लेन-देन को लेकर हुए विवाद में एक युवक ने अपनी ही दादी समेत परिवार के अन्य सदस्यों पर गोलियां चला दीं। घटना में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव बिचपड़ी निवासी अभिषेक का परिवार खेत से मिट्टी निकालने के ठेके में हिस्सेदारी को लेकर आपसी विवाद में उलझा हुआ था। शनिवार को पैसों के हिसाब को लेकर कहासुनी इतनी बढ़ गई कि अभिषेक ने कथित तौर पर अपनी दादी इशरो पर गोली चला दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
जब बड़े भाई संदीप, चाचा महिंद्र और चाची सुनीता ने उसे रोकने का प्रयास किया तो आरोपी ने उन पर भी फायरिंग कर दी। गोली लगने से तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी को तत्काल शहजादपुर के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया।
बताया गया है कि रास्ते में ही संदीप और महिंद्र ने दम तोड़ दिया, जबकि सुनीता का इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलते ही शहजादपुर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आरोपी अभिषेक की गिरफ्तारी के लिए कई टीमों का गठन किया है। वारदात के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है।
