प्रेग्नेंट पत्नी को पीटा, प्राइवेट पार्ट में डाला हेक्सॉ ब्लेड.... चार साल की बेटी के सामने पति की क्रूरता, पोस्टमार्टम रिपोर्ट देख डॉक्टर भी हुए हैरान
शराब के नशे में करता था पत्नी से मारपीट, प्राइवेट पार्ट से मिला 10 इंच लंबा लोहे का औजार
Crime Against Women : तीन महीने की गर्भवती 23 वर्षीय महिला की उसके ही पति ने इतनी बेरहमी से हत्या की कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट पढ़कर पुलिस और डॉक्टर भी सन्न रह गए। छत्तीसगढ़ से सामने आई एक दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। सुरगुजा जिले के भिट्ठीकला गांव में एक व्यक्ति पर अपनी गर्भवती पत्नी की बेहद बेरहमी से हत्या करने का आरोप लगा है। मृतका की पहचान 23 वर्षीय हीराबाई के रूप में हुई है, जो तीन महीने की गर्भवती थी। पुलिस ने आरोपी पति प्रदीप अगरिया को गिरफ्तार कर लिया है।
शराब के नशे में करता था पत्नी से मारपीट
आरोप है कि आरोपी शराब के नशे में अक्सर पत्नी के साथ मारपीट करता था। घटना वाले दिन भी दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद उसने हीराबाई को बेरहमी से पीटा। इसके बाद उसने लोहे के धारदार औजार से पत्नी को गंभीर रूप से घायल कर दिया। उस समय उनकी चार साल की बेटी भी घर में मौजूद थी।
मारपीट के बाद खुद लेकर गया अस्पताल
घटना के बाद जब महिला बेहोश हो गई, तो आरोपी उसे मोटरसाइकिल पर अस्पताल लेकर पहुंचा। वहां उसने डॉक्टरों को बताया कि उसकी पत्नी सड़क हादसे में घायल हुई है। हालांकि जांच के दौरान डॉक्टरों को मामला संदिग्ध लगा। इलाज शुरू होने से पहले ही महिला की मौत हो गई। पत्नी की मौत की खबर मिलते ही आरोपी अस्पताल से फरार हो गया।
प्राइवेट पार्ट से मिला 10 इंच लंबा लोहे का औजार
अगले दिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में जो खुलासा हुआ, उसने पुलिस और डॉक्टरों को भी हैरान कर दिया। रिपोर्ट में महिला के शरीर पर कई गंभीर चोटों के निशान मिले। फॉरेंसिक जांच के दौरान उसके निजी अंग से करीब 10 इंच लंबा लोहे का औजार बरामद किया गया। पत्नी की पिटाई करने के बाद आरोपी पति ने उसके निजी अंग में हेक्सॉ ब्लेड डाल दिया था।
पुलिस ने आरोपी पति को किया गिरफ्तार
रिपोर्ट सामने आने के बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की और उसे अंबिकापुर से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। यह घटना सिर्फ एक हत्या नहीं, बल्कि घरेलू हिंसा और महिलाओं के खिलाफ बढ़ती क्रूरता की भयावह तस्वीर भी सामने लाती है। पूरे इलाके में इस घटना को लेकर गहरा आक्रोश और दुख का माहौल है।

