Tribune
PT
Subscribe To Print Edition About the Dainik Tribune Code Of Ethics Advertise with us Classifieds Download App
search-icon-img
Advertisement

Helicopter Emergency Landing: बद्रीनाथ से दिल्ली के तीर्थयात्रियों को लेकर लौट रहे हेलीकॉप्टर की टिहरी में आपात लैंडिंग, सभी यात्री सुरक्षित

Helicopter Emergency Landing: तकनीकी खराबी के बाद खेतों में उतारा गया हेलीकॉप्टर; हाईटेंशन लाइन से टकराने की आशंका

  • fb
  • twitter
  • whatsapp
  • whatsapp
Advertisement

Helicopter Emergency Landing: बद्रीनाथ से दिल्ली के तीर्थयात्रियों को लेकर आ रहे एक निजी कंपनी के हेलीकॉप्टर को बुधवार को एक तकनीकी समस्या के कारण टिहरी जिले में चंबा—आराकोट क्षेत्र में आपात स्थिति में उतरना पड़ा । अधिकारियों ने यह जानकारी दी ।

धनोल्टी के तहसीलदार मोहम्मद शादाब ने बताया कि हेलीकॉप्टर में पायलट समेत सात व्यक्ति सवार थे जो सभी सुरक्षित हैं । सभी श्रद्धालु एक परिवार के हैं जो दिल्ली के पंजाबी बाग का रहने वाला है ।

Advertisement

सुबह करीब साढ़े आठ बजे चंबा-आराकोट के ऊपर उड़ान के दौरान ट्रांस भारत एविएशन कंपनी के हेलीकॉप्टर में कोई तकनीकी समस्या उत्पन्न हो गयी जिसके बाद उसे सत्यो-सकलाना क्षेत्र के नवागांव के खेतों में आपात स्थिति में उतरना पड़ा ।

Advertisement

हेलीकॉप्टर बद्रीनाथ धाम से देहरादून की ओर जा रहा था । बताया जा रहा है कि उड़ान के दौरान हाईटेंशन विद्युत लाइन के संपर्क में आने से हेलीकॉप्टर के पिछले हिस्से को क्षति पहुंची है । तहसीलदार ने बताया कि हेलीकॉप्टर के उतरने की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन एवं संबंधित विभागों की टीम मौके पर पहुंची तथा राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया ।

नवागांव तथा आसपास क्षेत्र में आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई है । उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में सभी यात्री सुरक्षित पाए गए हैं । उन्होंने कहा कि घटना के कारणों की विस्तृत जांच संबंधित तकनीकी एवं एविएशन एजेंसियों द्वारा की जा रही है ।

हेलीकॉप्टर की पायलट मेरठ निवासी अनुपमा चौधरी हैं । क्षेत्र के कांग्रेस नेता और पूर्व जिला पंचायत सदस्य अखिलेश उनियाल ने ऐसी घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि आपात लैंडिग के समय, अगर खेतों में कोई काम कर रहा होता तो दुर्घटना भी हो सकती थी ।

उन्होंने उत्तराखंड सरकार से मांग की कि चारधाम में लगाए गए हेलीकॉप्टरों की उड़ान भरने से पहले पूरी तकनीकी जांच होनी चाहिए ।

Advertisement
×