मां के पास सो रही बच्ची को उठाया, मुंह पर रखा हाथ; श्मशान में रेप: मथुरा में हैवानियत
शोर मचाने लगी तब आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी देकर चुप करा दिया
देश में महिलाओं और बच्चियों के खिलाफ यौन अपराधों की घटनाएं लगातार चिंता का विषय बनी हुई हैं। आए दिन सामने आने वाले रेप और यौन उत्पीड़न के मामले कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहे हैं। ताजा मामला उत्तर प्रदेश से सामने आया है। मथुरा जनपद के एक गांव में एक युवक अपनी मां के पास सो रही एक बच्ची को कथित तौर पर उठाकर श्मशान ले गया और कथित तौर पर उसके साथ दुष्कर्म किया।
पुलिस उपाधीक्षक भूषण वर्मा ने बताया कि बुधवार रात एक युवक खिड़की तोड़कर एक घर में घुस गया और मां के पास सो रही 7 साल की बच्ची को उठाकर ले गया। बच्ची हल्ला न मचा पाए इसके लिए आरोपी ने उसका मुंह हाथ से बंद कर दिया।
इस दौरान उसका पिता एवं परिवार के अन्य सदस्य दूसरे कमरे में सो रहे थे। तड़के चार बजे जब उसकी मां जगी तो उसने बच्ची को गायब पाया तथा काफी ढूढने के बाद बच्ची श्मशान में बेहोश पड़ी मिली। होश में आने पर बच्ची ने मां-बाप को बताया कि राहुल उसे जबरिया उठा ले गया और उसके साथ गंदा काम किया।
बच्ची ने अपने परिवारवालों को बताया कि जब वह शोर मचाने लगी तब आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी देकर चुप करा दिया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर बच्ची को मेडिकल जांच के लिए भेज दिया। पुलिस ने आरोपी राहुल को गिरफ्तार कर लिया है तथा उसके विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।

