Expressway Accident: मेहंदीपुर बालाजी से लौट रहे परिवार की कार एक्सप्रेसवे पर हादसे का शिकार, युवक की मौत, एक की हालत गंभीर
Expressway Accident: मुंबई-वडोदरा-दिल्ली एक्सप्रेसवे पर नौरंगाबाद के पास अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर; पुलिस ने केस दर्ज कर शुरू की जांच
Expressway Accident: राजस्थान के मेहंदीपुर बालाजी से पूजा-अर्चना कर दिल्ली लौट रहे एक परिवार की कार मुंबई-वडोदरा-दिल्ली एक्सप्रेसवे पर सड़क हादसे का शिकार हो गई। हादसे में गंभीर रूप से घायल एक युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि एक अन्य की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है और अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दिल्ली के बुराड़ी थाना क्षेत्र स्थित कमल विहार निवासी रामकुमार पाल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह अपने बच्चों और भांजे के साथ राजस्थान के मेहंदीपुर बालाजी में दर्शन करने गए थे। 25 जुलाई को दिल्ली लौटते समय मुंबई-वडोदरा-दिल्ली एक्सप्रेसवे पर गांव नौरंगाबाद के निकट उनकी कार को एक तेज रफ्तार वाहन ने टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार में सवार सभी लोग घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को उपचार के लिए सोहना के अस्पताल में भर्ती कराया गया।
इलाज के दौरान कार सवार अंशपाल ने दम तोड़ दिया। वहीं कार चालक शलेंद्र अभी भी बेहोशी की हालत में है और उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है। हादसे में रामकुमार पाल का भांजा नीलेश उर्फ विशाल पाल भी घायल हुआ है।
पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। जांच अधिकारी ने बताया कि दुर्घटना स्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। आरोपी वाहन चालक की पहचान कर उसे जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

