मोदी-सुखबीर मुलाकात के एक दिन बाद हलचल, नितिन नबीन ने पंजाब BJP अध्यक्ष केवल ढिल्लों को दिल्ली बुलाया
लुधियाना में प्रदेश भाजपा की बैठकों के बीच केवल ढिल्लों और संगठन महामंत्री मंत्री श्रीनिवासुलु दिल्ली रवाना; नई कार्यकारिणी को लेकर असंतोष और आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति पर चर्चा संभव
पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले राज्य में राजनीतिक गतिविधियां तेज होने लगी हैं। सुखबीर बादल के साथ पीएम नरेंद्र मोदी की बैठक के एक दिन बाद भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन ने प्रदेश भाजपा अध्यक्ष केवल ढिल्लों और प्रदेश संगठन महामंत्री मंत्री श्रीनिवासुलु के दिल्ली बुलाया है। हालांकि बताया जा रहा है कि भाजपा में नई प्रदेश कार्यकारिणी के गठन के बाद बढ़ती नाराजगी के बीच उन्हें दिल्ली बुलाया गया है। दोनों नेता शनिवार को लुधियाना में पार्टी की बैठकों के बीच से ही दिल्ली के लिए रवाना हो गए।
दोनों नेता लुधियाना में भाजपा की नवनिर्वाचित प्रदेश कार्यकारिणी और जिला अध्यक्षों के साथ बैठकों में हिस्सा ले रहे थे। इसी दौरान उन्हें दिल्ली बुलाए जाने की सूचना मिली। इसके चलते वे बैठकें बीच में छोड़कर दिल्ली रवाना हो गए।
नई कार्यकारिणी को लेकर असंतोष पर हो सकती है चर्चा
दिल्ली में होने वाली बैठक का आधिकारिक एजेंडा अभी स्पष्ट नहीं है। हालांकि पंजाब भाजपा के एक वर्ग का मानना है कि नई प्रदेश कार्यकारिणी के गठन के बाद पार्टी में उभरे असंतोष पर चर्चा बैठक का प्रमुख मुद्दा हो सकता है।
पार्टी के पूर्व मंत्री तीक्ष्ण सूद और उनके समर्थकों ने नई नियुक्तियों के विरोध में अपने पदों से इस्तीफा दिया है। इसके बाद प्रदेश भाजपा में अंदरूनी नाराजगी खुलकर सामने आई है।
वहीं, पार्टी के एक अन्य वर्ग का कहना है कि दिल्ली बैठक केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की पंजाब भाजपा के शीर्ष नेताओं के साथ हुई प्रारंभिक बैठक की अगली कड़ी हो सकती है। इसमें पंजाब विधानसभा चुनाव की तैयारियों और पार्टी की भविष्य की रणनीति पर चर्चा संभव है।
बीएल संतोष और नितिन नबीन करेंगे बैठक
सूत्रों के मुताबिक, दिल्ली में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन व महासचिव (संगठन) बीएल संतोष मिलकर केवल ढिल्लों और मंत्री श्रीनिवासुलु के साथ बैठक करेंगे। इसमें प्रदेश भाजपा की मौजूदा स्थिति के साथ-साथ आगामी विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी की तैयारियों पर भी विचार-विमर्श हो सकता है। यह बैठक ऐसे समय में हो रही है जब पंजाब की राजनीति में नए समीकरणों को लेकर चर्चाएं तेज हैं।
मोदी-सुखबीर मुलाकात के अगले दिन दिल्ली बुलावा
केवल ढिल्लों और मंत्री श्रीनिवासुलु को दिल्ली बुलाए जाने का समय भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। यह घटनाक्रम शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात के ठीक एक दिन बाद सामने आया है। हालांकि दिल्ली बैठक और मोदी-सुखबीर मुलाकात के बीच किसी सीधे संबंध की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
लुधियाना में भाजपा की प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक के बाद पंजाब में SIR (Special Intensive Revision) से जुड़े मुद्दे पर भी बैठक प्रस्तावित थी। लेकिन प्रदेश अध्यक्ष और संगठन महामंत्री के दिल्ली रवाना होने के कारण पार्टी के कार्यक्रमों के बीच अचानक बदलाव आया है।

