फिरोजपुर में भीषण सड़क हादसे में 9 लोगों की मौत
अस्थि विसर्जन के लिए निकला था परिवार, ट्रक से टकराया पिकअप वाहन
पंजाब में फिरोजपुर-फाजिल्का मार्ग पर जंगावाला मोड़ के पास शनिवार सुबह एक भीषण हादसे में नौ लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। पुलिस के अनुसार, जलालाबाद से 32 लोग अपने एक रिश्तेदार की अस्थियां ब्यास नदी में विसर्जित करने के लिए अमृतसर के ब्यास जा रहे थे। रास्ते में जंगावाला मोड़ के निकट उनका वाहन ट्रक से टकरा गया। हादसा इतना भीषण था कि कई लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. निखिल गुप्ता ने बताया कि घायलों को फिरोजपुर के सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से गंभीर रूप से घायल मरीजों को फरीदकोट स्थित गुरु गोबिंद सिंह सरकारी मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।
हादसे में मामूली रूप से घायल 12 वर्षीय अंशप्रीत सिंह ने बताया कि वे अपनी दादी पूरू बाई (62) की अस्थियां विसर्जित करने जा रहे थे। परिवार तड़के साढ़े तीन बजे घर से रवाना हुआ था। जंगावाला मोड़ के पास पहुंचते ही दुर्घटना हो गई।
मृतकों की पहचान करनैल सिंह, लक्ष्मी रानी, सुखविंदर कौर, भागो रानी, माया बाई, सुरिंदर सिंह, राजकुमार, दर्शन सिंह और विद्या रानी के रूप में हुई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भूपिंदर सिंह ने घटनास्थल का दौरा कर बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
