महाराष्ट्र के अमरावती में NICU में वेंटिलेटर फटा, आग से 3 नवजातों की मौत
Amravati Hospital Incident: हादसे के वक्त वार्ड में भर्ती थे 39 बच्चे; डॉक्टरों और स्टाफ ने अधिकांश को सुरक्षित निकाला, छह गंभीर नवजात सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में भर्ती
Amravati Hospital Incident: महाराष्ट्र के अमरावती जिले के जिला महिला अस्पताल में सोमवार तड़के नवजात शिशुओं के गहन चिकित्सा देखभाल केंद्र (NICU) में आग लगने से तीन नवजात बच्चों की दर्दनाक मौत हो गई।
अधिकारियों के अनुसार, हादसा सुबह करीब 3:30 बजे अस्पताल की तीसरी मंजिल पर स्थित NICU में हुआ। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, एक वेंटिलेटर में विस्फोट के बाद आग भड़क उठी और देखते ही देखते वार्ड में धुआं फैल गया।
हादसे के समय NICU में कुल 39 नवजात बच्चे उपचाराधीन थे। आग लगते ही डॉक्टरों, नर्सों और अस्पताल के अन्य कर्मचारियों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरु कर दिया और अधिकांश बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हालांकि, तीन नवजात आग की चपेट में आ गए। आग और धुएं के कारण दम घुटने से उनकी मौत हो गई। घटना के बाद अस्पताल में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
बचाए गए बच्चों में से छह गंभीर हालत वाले नवजातों को आगे के उपचार के लिए सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रशासन ने हादसे के कारणों की जांच के आदेश दिए हैं। वेंटिलेटर में सुरक्षा व्यवस्था में कोई चूक हुई या नहीं, इसकी विस्फोट किस वजह से हुआ और अस्पताल की भी जांच की जा रही है।

