Tribune
PT
Subscribe To Print Edition About the Dainik Tribune Code Of Ethics Advertise with us Classifieds Download App
Add Tribune As Your Trusted Source
search-icon-img
Advertisement

130 mm बारिश से रोहतक बेहाल, कालोनियां जलमग्न; आज भी अलर्ट के चलते निगम की टीमें मुस्तैद

रातभर हुई बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त, जनता कॉलोनी, मॉडल टाउन और छोटूराम चौक समेत कई इलाकों में जलभराव

  • fb
  • twitter
  • whatsapp
  • whatsapp
Advertisement

रोहतक में रातभर हुई मूसलाधार बारिश ने शहर की जलनिकासी व्यवस्था को एक बार फिर चुनौती दे दी। करीब 130 एमएम बारिश के बाद शहर के अधिकतर हिस्सों में जलभराव की स्थिति पैदा हो गई। कई कालोनियों में सड़कों और गलियों पर पानी जमा होने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। सुबह के समय कार्यालयों और अन्य कामकाज के लिए निकले लोगों को पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ा। कई जगह वाहन भी पानी में फंसते नजर आए।

जनता कॉलोनी से मॉडल टाउन तक पानी ही पानी

शहर की जनता कॉलोनी, छोटूराम चौक, मॉडल टाउन, पुराना बस स्टैंड के आसपास सहित अनेक क्षेत्रों में बारिश का पानी जमा रहा। निचले इलाकों में स्थिति अधिक खराब रही। गलियों में पानी भरने से स्थानीय लोगों को घरों से बाहर निकलने में भी परेशानी हुई। कई स्थानों पर सड़कें और गलियां जलमग्न होने के कारण यातायात प्रभावित रहा।

Advertisement

पंप लगाकर पानी निकालने की कोशिश

जलभराव की सूचना मिलने के बाद नगर निगम की टीमें विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचीं और पानी की निकासी के लिए पंप लगाए गए। निगम अधिकारियों ने जलभराव वाले क्षेत्रों का निरीक्षण भी किया। हालांकि, बारिश की मात्रा अधिक होने के कारण कई जगह पानी निकासी की व्यवस्था नाकाफी दिखाई दी। लगातार पानी जमा रहने से निगम कर्मचारियों को भी काफी मशक्कत करनी पड़ी।

Advertisement

आज फिर बारिश के अलर्ट से निगम अलर्ट

मौसम विभाग की ओर से आज भी बारिश का अलर्ट जारी किए जाने के मद्देनजर नगर निगम की टीमों को तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों को जलभराव संभावित क्षेत्रों पर नजर रखने और बारिश होने की स्थिति में तत्काल पानी निकासी के इंतजाम करने को कहा गया है। प्रशासन की टीमें भी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

बारिश ने खोली जलनिकासी व्यवस्था की पोल

हर बार की तरह इस बार भी तेज बारिश के बाद शहर के कई हिस्सों में जलभराव की समस्या सामने आती है। इस बार भी करीब 130 एमएम बारिश के बाद यही स्थिति देखने को मिली। लोगों का कहना है कि जलभराव से कुछ समय के लिए राहत दिलाने के बजाय शहर में जलनिकासी की स्थायी व्यवस्था किए जाने की जरूरत है। निगम अधिकारियों का कहना है कि पानी की निकासी के लिए टीमें लगातार काम कर रही हैं और जलभराव वाले क्षेत्रों में प्राथमिकता के आधार पर पंप लगाए जा रहे हैं।

Advertisement
×