Winter Tulsi Care : ध्यान दें गृहिणियां... सर्दियों में भी हरी-भरी रहेगी तुलसी, आज ही अपनाएं ये उपाय
ठंड, कोहरा और धूप की कमी से मुरझा गई है घर की तुलसी तो क्या करें?
Winter Tulsi Care : हिंदू धर्म में तुलसी को बेहद पवित्र माना गया है। इसे न केवल धार्मिक दृष्टि से पूजा जाता है बल्कि आयुर्वेद में भी अहम माना जाता है। मगर, सर्दियों का मौसम तुलसी के लिए काफी चुनौतीपूर्ण होता है। ठंड, कोहरा और कम धूप के कारण अक्सर घरों में लगी तुलसी की पत्तियां पीली पड़ने लगती हैं। कई बार तो पौधा मुरझाने या सूखने की स्थिति में आ जाता है।
सर्दियों में तुलसी का मुरझाना सामान्य समस्या है लेकिन थोड़ी-सी सावधानी और सही देखभाल से इसे आसानी से बचाया जा सकता है। अगर आपकी तुलसी भी सर्दियों में कमजोर हो रही है तो घबराने की जरूरत नहीं है। सही देखभाल से तुलसी को फिर से हरा-भरा बनाया जा सकता है।
सर्दियों में क्यों मुरझाने लगती है तुलसी?
सर्दियों में तुलसी खराब होने के पीछे कई कारण होते हैं। दरअसल, तुलसी को हल्की गर्म जलवायु पसंद होती है। ऐसे में सर्दियों की अत्यधिक ठंडी हवा, ओस-कोहरा, जरूरत से ज्यादा पानी, धूप की कमी के कारण तुलसी का सूखना स्भाविक है।
सही जगह पर रखें तुलसी
सर्दियों में तुलसी के पौधे को खुले और ठंडी हवा वाले स्थान पर न रखें। इसे ऐसी जगह रखें जहां सुबह की हल्की धूप मिल सके। बालकनी या छत में ऐसी जगह रखें जहां ठंडी हवाओं का सीधा असर न हो। बहुत ज्यादा ठंड पड़ने पर तुलसी को घर के अंदर खिड़की के पास भी रखा जा सकता है
पानी देने में न करें गलती
अधिकांश लोग सर्दियों में तुलसी को ज्यादा पानी दे देते हैं, जिससे जड़ें सड़ने लगती हैं। सर्दियों में तुलसी को 2–3 दिन में एक बार ही पानी दें। मिट्टी को छूकर देखें, अगर ऊपर की मिट्टी सूखी लगे तभी पानी दें। बहुत ठंडा पानी न डालें और तुलसी को पानी हमेशा सुबह के समय देना सबसे अच्छा माना जाता है।
मिट्टी की देखभाल बेहद जरूरी
तुलसी को अच्छी जल निकासी वाली मिट्टी पसंद होती है। मिट्टी में गोबर की खाद या वर्मी कम्पोस्ट मिलाएं। सर्दियों में हर 20–25 दिन में हल्की खाद देना पर्याप्त होता है। गमले के नीचे पानी जमा न होने दें। अगर मिट्टी सख्त हो गई हो तो हल्के हाथ से उसे ढीला कर दें।
तुलसी को ठंड से बचाने के उपाय
- रात में तुलसी के पौधे को पुराने कपड़े या जूट के बोरे से ढक दें
- गमले के चारों ओर सूखी पत्तियां या घास डाल सकते हैं
- बहुत ठंड होने पर पौधे को जमीन से थोड़ा ऊपर रखें
- यह उपाय पौधे की जड़ों को ठंड से सुरक्षित रखते हैं।
- अगर तुलसी की कुछ पत्तियां पीली या सूखी हो चुकी हैं तो उन्हें तुरंत हटा दें।
प्राकृतिक टॉनिक का करें इस्तेमाल
तुलसी को मजबूती देने के लिए आप घरेलू उपाय आजमा सकते हैं। इसके लिए महीने में एक बार छाछ या गोमूत्र को पानी में मिलाकर जड़ों में डालें। नीम की पत्तियों का हल्का काढ़ा बनाकर मिट्टी में डाल सकते हैं। तुलसी में रासायनिक खाद डालने से बचें। ये उपाय तुलसी की रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाते हैं।

