आखिर ऐसी घटनाएं क्यों?... 10वीं की छात्रा से कथित दुर्व्यवहार पर फूटा खुशबू पाटनी का गुस्सा, आरोपियों पर कार्रवाई की मांग
बिहार की घटना पर भड़कीं खुशबू पाटनी, बोलीं- महिलाओं की सुरक्षा से समझौता नहीं हो सकता
Jamui Girl Misbehave Incident : बिहार के जमुई जिले में 10वीं कक्षा की छात्रा के साथ कथित दुर्व्यवहार की घटना ने सोशल मीडिया पर बहस छेड़ दी है। 19 सितंबर को हुई बताई जा रही इस घटना को लेकर अब पूर्व भारतीय सेना अधिकारी और अभिनेत्री दिशा पाटनी की बहन खुशबू पाटनी ने भी कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठाते हुए आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की।
वीडियो शेयर कर उठाए सुरक्षा पर सवाल
खुशबू ने मंगलवार को इंस्टाग्राम पर वीडियो जारी कर घटना पर अपनी चिंता जाहिर की। उन्होंने कहा कि भारत एक बड़ा और मजबूत राष्ट्र बनने की दिशा में आगे बढ़ना चाहता है, लेकिन महिलाओं का सम्मान और सुरक्षा सुनिश्चित किए बिना यह लक्ष्य अधूरा रहेगा। उन्होंने घटना को पूरे देश के लिए चिंता का विषय बताया।
‘सिर्फ सरकार को जिम्मेदार ठहराना काफी नहीं’
खुशबू ने कानून-व्यवस्था को लेकर लोगों से भी आत्ममंथन करने की अपील की। उन्होंने सवाल उठाया कि अगर बिहार बड़ी संख्या में IAS और IPS अधिकारी देने वाले राज्यों में शामिल है, तो कानून-व्यवस्था को लेकर ऐसी घटनाएं क्यों सामने आती हैं। उनका कहना था कि हर समस्या के लिए केवल सरकार को जिम्मेदार ठहराने के बजाय समाज को भी अपनी भूमिका पर विचार करना चाहिए। महिलाओं की गरिमा और सुरक्षा का मुद्दा केवल बिहार तक सीमित नहीं है, बल्कि देश के दूसरे हिस्सों में भी इस पर गंभीरता से ध्यान देने की जरूरत है।
आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग
खुशबू ने कथित आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि ऐसी कार्रवाई होनी चाहिए, जिससे भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। उन्होंने संविधान में मिले अधिकारों का जिक्र करते हुए युवाओं को अपनी जिंदगी अपनी पसंद से जीने की स्वतंत्रता की बात भी कही।
POCSO के तहत केस, SIT गठित
घटना के संबंध में पुलिस ने संबंधित धाराओं और POCSO Act के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए SIT का गठन किया है। राष्ट्रीय महिला आयोग ने भी मामले का स्वत: संज्ञान लेते हुए बिहार पुलिस से कार्रवाई की जानकारी मांगी है। नाबालिगों की पहचान उजागर करने वाले वीडियो और सोशल मीडिया पोस्ट पर भी कार्रवाई शुरू की गई है।

