The Vvaan: पटना पहुंचे सिद्धार्थ मल्होत्रा-तमन्ना भाटिया, लिट्टी-चोखा का चखा स्वाद
दोनों कलाकार फिल्म के प्रमोशन के लिए बिहार की राजधानी पटना पहुंचे
The Vvaan Force Of The Forrest: बॉलीवुड अभिनेता सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया इन दिनों अपनी अपकमिंग फिल्म 'द वान: फोर्स ऑफ द फॉरेस्ट' के प्रमोशन में व्यस्त हैं। शनिवार को दोनों कलाकार फिल्म के प्रमोशन के लिए बिहार की राजधानी पटना पहुंचे। इस दौरान उन्होंने फैंस से मुलाकात की और बिहार के मशहूर व्यंजन लिट्टी-चोखा का स्वाद भी चखा।
सिद्धार्थ ने शेयर की लिट्टी-चोखा की तस्वीर
पटना में अपने प्रमोशनल टूर के दौरान सिद्धार्थ मल्होत्रा ने बिहार के पारंपरिक व्यंजन लिट्टी-चोखा का आनंद लिया। अभिनेता ने अपने इंस्टाग्राम पर लिट्टी-चोखा की प्लेट की तस्वीर भी शेयर की। उनके इस अंदाज को फैंस काफी पसंद कर रहे हैं।
सलमान खान के साथ 'बिग बॉस 20' के सेट पर पहुंचे थे
बिहार पहुंचने से एक दिन पहले सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया को 'बिग बॉस 20' के सेट पर देखा गया था। दोनों ने शो के होस्ट और सुपरस्टार सलमान खान से मुलाकात की। सिद्धार्थ ने सलमान खान के साथ एक तस्वीर भी शेयर की थी। इसके कैप्शन में उन्होंने लिखा, "Salman sir ke saath Weekend ka Vaar aur gharwalon ke saath thodi mast. See you on Bigg Boss 20."
लोककथाओं और फैंटेसी से जुड़ी है फिल्म की कहानी
'द वान: फोर्स ऑफ द फॉरेस्ट' में टीवीएफ के अरुणाभ कुमार, निर्देशक दीपक मिश्रा और एकता कपूर साथ आए हैं। फिल्म में भारतीय लोककथाओं को फैंटेसी, एडवेंचर, रहस्य और हास्य के साथ पेश किया गया है। फिल्म को बालाजी मोशन पिक्चर्स, बालाजी टेलीफिल्म्स लिमिटेड के बैनर के तहत, टीवीएफ और 11.11 प्रोडक्शन के सहयोग से प्रस्तुत कर रहा है।
इसमें सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया मुख्य भूमिकाओं में हैं। फिल्म की कहानी अरुणाभ कुमार ने लिखी है और इसका निर्देशन दीपक मिश्रा ने किया है। मनु आनंद सिनेमैटोग्राफर और विजुअल डायरेक्टर हैं। फिल्म का निर्माण शोभा कपूर, एकता आर कपूर, अरुणाभ कुमार और नीरज कोठारी ने किया है।
25 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी फिल्म
सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया की फिल्म 'द वान: फोर्स ऑफ द फॉरेस्ट' 25 सितंबर, 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच उत्सुकता बनी हुई है।

