टैलेंट की एक्सपायरी डेट नहीं होती, उम्र को हथियार मत बनाइए; गोविंदा के बचाव में उतरीं सलमान की एक्स सोमी अली, सुनीता को दी सलाह
गोविंदा के समर्थन में आईं सोमी अली
Govinda-Sunita Dispute : बॉलीवुड अभिनेता गोविंदा और उनकी पत्नी सुनीता आहूजा के बीच चल रहे विवाद के बीच अब अभिनेत्री सोमी अली ने गोविंदा का खुलकर समर्थन किया है। सोमी ने सोशल मीडिया पर गोविंदा के साथ अपनी पुरानी तस्वीरों का कोलाज शेयर करते हुए अभिनेता को शानदार टैलेंट और बेहद विनम्र इंसान बताया।
‘गोविंदा महान कलाकार हैं’
सोमी अली ने कहा कि वह गोविंदा को व्यक्तिगत और प्रोफेशनल तौर पर जानती हैं, इसलिए उनके बारे में अपनी राय रखने का पूरा अधिकार रखती हैं। उन्होंने गोविंदा को हिंदी फिल्म इंडस्ट्री के महान प्रतिभाशाली कलाकारों में से एक बताया और कहा कि अपने फिल्मी दौर में उन्होंने अभिनेता को बेहद विनम्र पाया। सोमी ने कहा कि वह जरूरत पड़ने पर गोविंदा के समर्थन में आवाज उठाना चाहती हैं, खासकर तब जब कोई और उनके पक्ष में बोलता नजर नहीं आ रहा हो।
View this post on Instagram
उम्र को लेकर उठे सवालों पर दिया जवाब
गोविंदा के अपनी ‘रूपा’ को-स्टार रानी स्वर्णकार के साथ नजर आने को लेकर हो रही आलोचना पर भी सोमी ने अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि किसी अभिनेता की उम्र यह तय नहीं कर सकती कि उसे काम मिलना चाहिए या नहीं। उनके मुताबिक, टैलेंट की कोई एक्सपायरी डेट नहीं होती। उम्र या को-स्टार की उम्र के आधार पर किसी कलाकार की क्षमता को आंकना सही नहीं है। उन्होंने कहा कि कलाकार की पहचान उसके टैलेंट, प्रोफेशनलिज्म और लगातार काम करते रहने की इच्छा से होती है।
‘काम करने की कोशिश का सम्मान होना चाहिए’
सोमी ने आगे कहा कि जब इंडस्ट्री में किसी कलाकार के लिए काम के मौके कम हो जाएं, तब भी अगर उसे कोई भूमिका मिलती है और वह काम करना चाहता है, तो इसका मजाक उड़ाने के बजाय उसका सम्मान किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि हर कलाकार को यह साबित करने का मौका मिलना चाहिए कि उसमें अभी भी कुछ अच्छा करने की क्षमता है। उनके मुताबिक, उम्र को किसी ऐसे व्यक्ति के खिलाफ हथियार नहीं बनाना चाहिए जो अपना पसंदीदा काम जारी रखना चाहता है।
सुनीता-गोविंदा विवाद ने पकड़ा तूल
यह पूरा विवाद तब शुरू हुआ जब सुनीता आहूजा ने गोविंदा की ‘रूपा’ की को-स्टार रानी स्वर्णकार के साथ नजर आने पर टिप्पणी की। दोनों की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए। इसके बाद गोविंदा ने एक वीडियो संदेश के जरिए सुनीता से ऐसे बयान देने से बचने की अपील की, जिनसे उनकी प्रतिष्ठा और करियर प्रभावित हो सकता है।

