तब्बू ने जयदीप अहलावत और प्रकाश राज को कहा ‘शुक्रिया’, ‘दृश्यम 3’ से जुड़ा खास पोस्ट वायरल
दोनों कलाकारों की एंट्री ने कहानी में नए किरदारों और नए मोड़ जोड़े हैं
Drishyam 3 : अजय देवगन की फिल्म ‘दृश्यम 3: द कन्क्लूजन’ सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है और दर्शकों की ओर से इसे अच्छी प्रतिक्रिया मिल रही है। फिल्म को मिल रहे सकारात्मक रिस्पॉन्स के बीच अभिनेत्री तब्बू ने फ्रेंचाइजी में पहली बार शामिल हुए जयदीप अहलावत और प्रकाश राज का खास अंदाज में स्वागत किया है।
तब्बू ने दोनों कलाकारों के साथ एक तस्वीर सोशल मीडिया पर साझा की और उन्हें टैग करते हुए छोटा लेकिन दिल छू लेने वाला संदेश लिखा। उन्होंने कहा कि इस दुनिया का हिस्सा बनने के लिए शुक्रिया!”
‘दृश्यम’ की दुनिया में जयदीप और प्रकाश राज की एंट्री
जयदीप अहलावत और प्रकाश राज ने ‘दृश्यम’ फ्रेंचाइजी की तीसरी फिल्म के साथ इसमें एंट्री की है। जयदीप फिल्म में एसपी राजवीर तोमर की भूमिका निभा रहे हैं। उनका किरदार विजय सालगांवकर और उसके परिवार से जुड़े मामले की जांच को आगे बढ़ाता है। वहीं, प्रकाश राज फिल्म में वकील इंद्रजीत शेट्टी के किरदार में नजर आ रहे हैं। दोनों कलाकारों की एंट्री ने कहानी में नए किरदारों और नए मोड़ जोड़े हैं।
फिर विजय सालगांवकर बने अजय देवगन
फिल्म में अजय देवगन एक बार फिर विजय सालगांवकर के किरदार में लौटे हैं। वहीं तब्बू ने भी मीरा देशमुख की भूमिका दोहराई है। कहानी विजय और उसके परिवार के इर्द-गिर्द आगे बढ़ती है, जो पिछली घटनाओं के बाद एक बार फिर नई जांच के दबाव में आ जाते हैं। फिल्म में श्रेया सरन, रजत कपूर, इशिता दत्ता, मृणाल जाधव और कमलेश सावंत भी अहम भूमिकाओं में हैं।
पहले दिन 62 करोड़ रुपये की कमाई का दावा
फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर भी मजबूत शुरुआत की है। शुरुआती अनुमानों के मुताबिक, ‘दृश्यम 3’ ने भारत में पहले दिन करीब 62 करोड़ रुपये का कारोबार किया है। ट्रेड एनालिस्ट तरण आदर्श के साझा किए आंकड़ों के मुताबिक, 50 करोड़ रुपये से ज्यादा की पहले दिन की कमाई वाली फिल्मों में ‘दृश्यम 3’ की ओपनिंग शीर्ष फिल्मों में शामिल है। इस सूची में ‘धुरंधर 2’, ‘पुष्पा 2’ और ‘जवान’ जैसी फिल्में इससे आगे हैं। फिल्म पहले दिन 100 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार नहीं कर सकी, लेकिन 50 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई के साथ भारत की बड़ी ओपनिंग वाली फिल्मों की सूची में अपनी जगह बनाने में सफल रही।
क्या है ‘दृश्यम 3’ की कहानी?
‘दृश्यम 3: द कन्क्लूजन’ की कहानी विजय सालगांवकर और उसके परिवार की जिंदगी में कई साल बाद एक बार फिर शुरू होने वाली जांच पर केंद्रित है। विजय पिछली घटनाओं में कानून से आगे निकलने में कामयाब रहा था, लेकिन नई जांच उसके परिवार के लिए एक बार फिर मुश्किलें खड़ी कर देती है। फिल्म का निर्देशन अभिषेक पाठक ने किया है। इसकी कहानी और पटकथा अभिषेक पाठक के साथ आमिल कीयन खान और परवेज शेख ने लिखी है। फिल्म में एक बार फिर अपराध, जांच और परिवार की कहानी को आगे बढ़ाया गया है।

