Parenting Hacks : बच्चों को बोर होने दीजिए... यूरोप के पैरेंट्स से सीखिए बेहतरीन परवरिश, भारतीय डॉक्टर के 5 टिप्स हो रहे वायरल
डॉक्टर ने बताए यूरोप के 5 पैरेंटिंग सीक्रेट्स
Parenting Hacks : आज के दौर में बच्चों की परवरिश को लेकर हर माता-पिता की अपनी सोच होती है। इसी बीच डॉक्टर और कंटेंट क्रिएटर डॉ. सुखमनी गंबर की एक सोशल मीडिया पोस्ट तेजी से वायरल हो रही है। यूरोप की एक महीने की ट्रिप के बाद उन्होंने वहां के माता-पिता की 5 ऐसी आदतें शेयर कीं, जिन्हें वह खुद भी अपनाना चाहती हैं। उनकी पोस्ट को हजारों लोग पसंद कर चुके हैं और कई पैरेंट्स इसे बेहद असरदार बता रहे हैं।
बच्चों को हर फैसले का केंद्र न बनाएं
डॉ. गंबर के मुताबिक, यूरोप में माता-पिता अपनी पूरी जिंदगी बच्चों के हिसाब से नहीं चलाते। वे बच्चों को कैफे, ट्रिप और रोजमर्रा के कामों में साथ लेकर जाते हैं। इससे बच्चे नई परिस्थितियों में आसानी से ढलना सीखते हैं और उनका आत्मविश्वास बढ़ता है।
बोरियत भी है जरूरी
उन्होंने कहा कि बच्चों का हर समय मनोरंजन करना जरूरी नहीं है। कुछ समय बिना मोबाइल, टीवी या खिलौनों के बिताने से बच्चों की कल्पनाशक्ति, धैर्य और समस्या सुलझाने की क्षमता बेहतर होती है। बोरियत कई बार रचनात्मक सोच की शुरुआत बन जाती है।
छोटी उम्र से सिखाएं अच्छी आदतें
डॉ. गंबर का मानना है कि बच्चे कम उम्र से ही अच्छे टेबल मैनर्स और सार्वजनिक जगहों पर सही व्यवहार सीख सकते हैं। इससे उनमें अनुशासन, आत्मविश्वास और दूसरों के प्रति सम्मान की भावना विकसित होती है।
खाने को लेकर न बनाएं डर
उन्होंने सलाह दी कि मिठाई या स्नैक्स को पूरी तरह 'बुरा' न बताएं। बच्चे वही सीखते हैं जो घर में देखते हैं। अगर माता-पिता खुद संतुलित और पौष्टिक भोजन करेंगे, तो बच्चे भी धीरे-धीरे वही आदत अपनाएंगे।
बच्चों के गुस्से पर रखें धैर्य
डॉ. गंबर ने बताया कि यूरोप में कई माता-पिता बच्चों के गुस्से या जिद पर तुरंत डांटने के बजाए शांत रहते हैं। जब बच्चा सामान्य हो जाता है, तब उससे प्यार से बात करते हैं। इससे बच्चे अपनी भावनाओं को बेहतर तरीके से समझना और संभालना सीखते हैं।
क्यों पसंद आ रहे हैं ये टिप्स?
डॉ. सुखमनी गंबर का कहना है कि अच्छी परवरिश का मतलब हर समय बच्चों को नियंत्रित करना नहीं, बल्कि उन्हें सीखने और खुद विकसित होने का मौका देना है। उनका मानना है कि छोटे-छोटे बदलाव बच्चों को आत्मनिर्भर, जिम्मेदार और भावनात्मक रूप से मजबूत बना सकते हैं। यही वजह है कि उनकी ये पैरेंटिंग टिप्स सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं।

