Nushrratt Bharuccha Accident : बाली में हादसे का शिकार हुईं नुसरत भरूचा, रीढ़ की हड्डी में फ्रैक्चर; जल्द होगी सर्जरी
छुट्टियां मनाने बाली गई थीं नुसरत भरूचा, हादसे ने बढ़ाई चिंता
Nushrratt Bharuccha Accident : बाली में काम और छुट्टियां बिताने पहुंचीं एक्ट्रेस नुसरत भरूचा के लिए ट्रिप अचानक मुश्किलों में बदल गई। एक हादसे में उन्हें रीढ़ की हड्डी में फ्रैक्चर हो गया, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है और मेडिकल जांच के बाद उनकी सर्जरी की जाएगी।
उनके पब्लिसिस्ट ने बताया, "नुसरत भरूचा, जो काम और छुट्टियों के लिए बाली गई थीं, एक दुर्भाग्यपूर्ण हादसे का शिकार हो गईं और उनकी रीढ़ की हड्डी में फ्रैक्चर हो गया। वह अभी बाली के अस्पताल में भर्ती हैं और डॉक्टरों की निगरानी में हैं। डॉक्टरों की आगे की जांच के बाद, नुसरत की रीढ़ की हड्डी की सर्जरी होगी..."
उन्होंने बताया, "फिलहाल, हमारी सबसे पहली प्राथमिकता उनकी सेहत है और यह पक्का करना है कि उन्हें जरूरी मेडिकल देखभाल मिले। हम अभी नुसरत को बाली से मुंबई एयर एम्बुलेंस के जरिए वापस लाने का इंतजाम कर रहे हैं, जहां उनकी सर्जरी होगी।"
बयान में आगे कहा गया कि चोट और सर्जरी को देखते हुए भरूचा को आराम करने और ठीक होने के लिए समय की जरूरत होगी और अगले कुछ हफ्तों में उनके काम पर भी असर पड़ सकता है। पब्लिसिस्ट ने लोगों से अपील की कि वे एक्ट्रेस की प्राइवेसी का सम्मान करें और उन्हें अपने इलाज और ठीक होने पर ध्यान देने के लिए जरूरी समय और जगह दें। बयान में कहा गया, "हम सभी की चिंता और शुभकामनाओं के लिए आभारी हैं और सही समय आने पर आगे की जानकारी देंगे।"
गौरतलब है कि नुसरत ने 2006 की फिल्म "जय संतोषी मां" से एक्टिंग की शुरुआत की थी, लेकिन कार्तिक आर्यन के साथ हिट फिल्मों "लव सेक्स और धोखा" (2010) और 2011 की "प्यार का पंचनामा" में काम करने के बाद उन्हें पहचान मिली। उनकी अन्य फिल्मों में "प्यार का पंचनामा 2", "सोनू के टीटू की स्वीटी", "ड्रीम गर्ल", "छलांग", "अजीब दास्तान्स", "छोरी", "जनहित में जारी", "राम सेतु", "सेल्फी", "अकेली" और "छोरी 2" शामिल हैं। भरूचा अब टाइगर श्रॉफ की आने वाली एक्शन फिल्म में नजर आएंगी, जिसे रेमो डिसूजा डायरेक्ट करेंगे।

