Nayyi Naveli : हंसी, इमोशन और रहस्य... यामी गौतम की ‘नय्यी नवेली’ का ट्रेलर आउट, नई बहू की एंट्री से मचेगा बवाल
फिल्म में यामी गौतम मोहिनी का किरदार निभा रही हैं
Nayyi Naveli Trailor : यामी गौतम धर की आगामी फिल्म ‘नय्यी नवेली’ का ट्रेलर बुधवार को रिलीज कर दिया गया। फिल्म का ट्रेलर अमेजन एमजीएम स्टूडियोज और कलर येलो ने जारी किया है। बालाजी मोहन के निर्देशन में बनी यह फिल्म मेरठ की पृष्ठभूमि पर आधारित है और एक नई-नवेली दुल्हन की कहानी के जरिए परिवार, रिश्तों, रहस्य, हास्य और रोमांच को जोड़ती है।
फिल्म में यामी गौतम मोहिनी का किरदार निभा रही हैं, जो अवस्थी परिवार की नई बहू बनकर आती है। शुरुआत में कहानी एक ऐसी महिला की नजर आती है, जो शादी के बाद नए परिवार और घर में खुद को ढालने की कोशिश कर रही है। लेकिन धीरे-धीरे कहानी एक अलग मोड़ लेती है और मोहिनी के किरदार, उसके अतीत और उससे जुड़े रहस्यों को लेकर सवाल खड़े होने लगते हैं।
‘मोहिनी कभी वैसी नहीं होती जैसी दिखती है’
यामी ने मोहिनी के किरदार के बारे में बात करते हुए कहा कि इस भूमिका की सबसे खास बात यही है कि वह दर्शकों की उम्मीदों से अलग है। अभिनेत्री के मुताबिक, किरदार में अपनापन और गर्मजोशी है, लेकिन इसके साथ एक रहस्य भी है, जो धीरे-धीरे सामने आता है। मी ने कहा कि ‘नय्यी नवेली’ ने उन्हें परिवार, हास्य, भावनाओं, फैंटेसी और एक्शन जैसे अलग-अलग जॉनर को एक साथ तलाशने का मौका दिया।
फिल्म में नजर आएंगे ये कलाकार
‘नय्यी नवेली’ में यामी गौतम के अलावा अद्दिनाथ एम. कोठारे, अनुराग ठाकुर, सुनीता राजवर, मीता वशिष्ठ, आदित्य कुलश्रेष्ठ, सुस्मिता मुखर्जी और प्रतीक पचौरी अहम भूमिकाओं में हैं। फिल्म का निर्देशन बालाजी मोहन ने किया है, जबकि इसकी कहानी और पटकथा हिमांशु शर्मा और दिव्य निधि शर्मा ने लिखी है। फिल्म का निर्माण आनंद एल. राय और हिमांशु शर्मा ने किया है और संगीत जी. वी. प्रकाश कुमार ने दिया है।
दशहरा से पहले सिनेमाघरों में आएगी फिल्म
‘नय्यी नवेली’ भारत में 16 अक्टूबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म को दशहरा के आसपास रिलीज किया जा रहा है। यामी गौतम हाल ही में ‘धुरंधर: द रिवेंज’ में कैमियो भूमिका में नजर आई थीं। इससे पहले फिल्म ‘आर्टिकल 370’ में उनके अभिनय के लिए उन्हें इस साल अपने करियर का पहला राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार मिला है।

