मेरे दादाजी सुबह जल्दी उठते थे, सुबह-सुबह गूंजते थे देशभक्ति गीत; जैस्मिन ने खोली बचपन के 15 अगस्त की यादों की पोटली
दादाजी के देशभक्ति गीत और बूंदी के लड्डू, साथ बैठता था पूरा परिवार; जैस्मिन को याद आया बचपन का 15 अगस्त
Jasmine Bhasin Independence Day : स्वतंत्रता दिवस का जश्न हर किसी के लिए अलग यादें लेकर आता है। अभिनेत्री जैस्मिन भसीन के लिए 15 अगस्त का दिन बचपन की उन खूबसूरत यादों से जुड़ा है, जब देशभक्ति सिर्फ एक फंक्शन नहीं, बल्कि स्कूल और परिवार के साथ बिताया जाने वाला खास एहसास हुआ करता था। उन्होंने बताया कि उनके बचपन के स्वतंत्रता दिवस में सफेद ड्रेस, देशभक्ति के गीत, भाषण प्रतियोगिताएं और बूंदी के लड्डू खास हिस्सा हुआ करते थे।
स्कूल में दिखता था देशभक्ति का रंग
जैस्मिन ने बताया कि उन्हें स्कूल के स्वतंत्रता दिवस समारोह में हिस्सा लेना बेहद पसंद था। वह भाषण और डिबेट प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेती थीं। पूरे स्कूल में बच्चे सफेद कपड़े पहनते और देशभक्ति के गीत गूंजते थे। कार्यक्रम के बाद मिलने वाले बूंदी के लड्डू इस दिन की खुशी को और खास बना देते थे।
दादाजी की सुबह से शुरू होता था जश्न
जैस्मिन के लिए स्वतंत्रता दिवस की शुरुआत स्कूल से पहले घर में ही हो जाती थी। उन्होंने बताया कि उनके दादाजी सुबह जल्दी उठकर लिविंग रूम में म्यूजिक चैनलों पर देशभक्ति के गीत चलाते थे। इसके बाद पूरा परिवार साथ बैठकर नाश्ता करता था। परिवार का यह छोटा-सा रिवाज उनके लिए आज भी बेहद खास है।
अब बदल गया आजादी का एहसास
जैस्मिन का मानना है कि बचपन में स्वतंत्रता दिवस का उत्साह कुछ अलग था। तब स्कूल और परिवार के साथ मिलकर इस दिन को मनाने का समय मिलता था। आज की तेज रफ्तार जिंदगी में लोग लगातार भाग-दौड़ में व्यस्त हैं, इसलिए आजादी के इस दिन का अनुभव भी बदल गया है।
टीवी पर नजर आ रही हैं जैस्मिन
वर्कफ्रंट की बात करें तो जैस्मिन भसीन इन दिनों ‘खतरों के खिलाड़ी 15’ में नजर आ रही हैं। इससे पहले वह ‘बिग बॉस 14’ में भी दर्शकों का ध्यान खींच चुकी हैं। फिल्मों और टीवी के अलावा उनका यह सफर मनोरंजन जगत में लगातार जारी है।

