सोने से इनकार कर दो तो रिप्लेस कर देते हैं ... संचिता की मौत के बाद छलका आंचल खुराना का दर्द, इंडस्ट्री पर लगाए गंभीर आरोप
संचिता उगले की मौत के बाद फूटा आंचल खुराना का गुस्सा, बोलीं- 'एक्टर पर क्या गुजरती है, कोई नहीं सोचता'
Sanchita Ugale Death : टीवी इंडस्ट्री की युवा एक्ट्रेस संचिता उगले के निधन ने सभी को झकझोर कर रख दिया है। 14 जून 2026 को मुंबई स्थित अपने घर में उनकी मौत की खबर सामने आई, जिसके बाद से उनके फैंस, दोस्त और इंडस्ट्री से जुड़े लोग गहरे सदमे में हैं। हालांकि, उन्होंने यह कदम क्यों उठाया, इसकी वजह अभी तक स्पष्ट नहीं हो सकी है।
आंचल खुराना ने उठाए बड़े सवाल
संचिता की मौत के बाद टीवी एक्ट्रेस आंचल खुराना ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर कर इंडस्ट्री के वर्क कल्चर पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि मनोरंजन की दुनिया बाहर से जितनी चमकदार दिखती है, अंदर से उतनी ही मुश्किल और दबाव भरी हो सकती है।
View this post on Instagram
'हर किसी को सिर्फ रिजल्ट चाहिए'
आंचल ने कहा कि चैनलों को टीआरपी चाहिए, प्रोड्यूसर्स को बजट बचाना होता है और दर्शकों को मनोरंजन चाहिए, लेकिन बहुत कम लोग यह सोचते हैं कि इन सबके बीच कलाकारों पर कितना मानसिक दबाव पड़ता है। कई कलाकार लगातार तनाव, असुरक्षा और काम के दबाव से जूझते रहते हैं।
'रिप्लेसमेंट का डर हमेशा बना रहता है'
एक्ट्रेस के मुताबिक, टीवी इंडस्ट्री में स्टार्स को आसानी से बदला जा सकता है। कई बार अपनी बात रखने, आत्मसम्मान बनाए रखने या किसी बात पर असहमति जताने पर भी कलाकारों को काम से हटाया जा सकता है। इससे उनके मन में असुरक्षा की भावना पैदा होती है।
रोजाना संघर्ष से गुजरते हैं एक्टर्स
आंचल ने बताया कि कलाकार हर दिन नई उम्मीदों के साथ ऑडिशन देते हैं, लेकिन कई बार उन्हें रिजेक्शन और तुलना का सामना करना पड़ता है। उन्होंने भी अपने करियर में कई मुश्किल हालात देखे हैं। कई टैलेंटिड एक्टर को भी छोटे-छोटे कारणों से नजरअंदाज कर दिया जाता है। इंडस्ट्री में टैलेंट के साथ-साथ कई दूसरी चुनौतियों का भी सामना करना पड़ता है।
फिलहाल संचिता उगले की मौत के मामले में जांच जारी है और उनके निधन के पीछे की असली वजह सामने नहीं आई है।

