काम ने उनकी इमेज बनाई, उनमें दैवीय खूबी थी; राजेश खन्ना से पहली मुलाकात याद कर भावुक हुए गोविंदा, बताया स्टारडम का असली राज
गोविंदा ने बताया राजेश खन्ना-धर्मेंद्र में क्या था सबसे अलग
Govinda Remember Rajesh khanna : बॉलीवुड एक्टर गोविंदा ने दिवंगत सुपरस्टार राजेश खन्ना के साथ पहली मुलाकात को याद किया है। उन्होंने राजेश खन्ना और धर्मेंद्र की उन खास खूबियों का भी जिक्र किया, जो उन्हें अपने दौर के दूसरे सितारों से अलग बनाती थीं। गोविंदा के मुताबिक, दोनों दिग्गज कलाकारों ने कभी जान-बूझकर अपनी पब्लिक इमेज बनाने की कोशिश नहीं की, बल्कि अपने काम पर ध्यान केंद्रित किया।
गोविंदा ने बताया कि उनकी राजेश खन्ना से पहली मुलाकात 1990 में आई फिल्म 'स्वर्ग' की शूटिंग के दौरान हुई थी। डेविड धवन के निर्देशन में बनी इस फिल्म में राजेश खन्ना, गोविंदा और जूही चावला मुख्य भूमिकाओं में थे। गोविंदा ने राजेश खन्ना को बेहद सरल और मासूम स्वभाव का इंसान बताते हुए मुलाकात का एक किस्सा साझा किया। उन्होंने बताया कि खन्ना ने उनसे पूछा था कि वह उस मुकाम पर क्यों नहीं हैं, जहां उन्हें होना चाहिए। इसके जवाब में गोविंदा ने कहा था कि उनका मानना है कि हर इंसान की जगह और उसकी किस्मत पहले से तय होती है।
भगवान को पता होता है कि किस पेड़ की ऊंचाई कितनी होगी
अभिनेता ने बताया कि उन्होंने खन्ना से कहा था कि भगवान को पता होता है कि किस पेड़ की ऊंचाई कितनी होगी और उसे कहां लगाया जाना है। उनके मुताबिक, हम सभी इस खूबसूरत बगीचे का हिस्सा हैं। उनकी बात सुनकर राजेश खन्ना ने उनसे पूछा कि क्या वह अपनी जिंदगी में जो कुछ हासिल कर चुके हैं, उससे खुश हैं। गोविंदा ने इसका जवाब हां में दिया और खन्ना को बेहद प्यार करने वाला इंसान बताया।
राजेश खन्ना और धर्मेंद्र में दिखती थी 'दैवीय' खूबी
राजेश खन्ना के करियर के बाद के दौर का जिक्र करते हुए गोविंदा ने कहा कि उनका मानना है कि कुछ लोगों में दूसरों से अलग सोचने और आगे देखने की क्षमता होती है। उन्होंने राजेश खन्ना और धर्मेंद्र की इसी खासियत को एक तरह की दैवीय खूबी से जोड़ा। उन्होंने कई साधु-संत और फकीर देखे हैं, लेकिन राजेश खन्ना और धर्मेंद्र जैसे चेहरे और व्यक्तित्व अलग ही नजर आते थे। उनके मुताबिक, दोनों कलाकारों में कुछ ऐसा खास था, जो लोगों को अपनी ओर खींचता था। उनकी आवाज, अभिनय और व्यक्तित्व का दर्शकों पर गहरा प्रभाव पड़ता था।
'काम ने बनाई उनकी इमेज'
गोविंदा ने राजेश खन्ना और धर्मेंद्र के स्टारडम पर बात करते हुए कहा कि दोनों कलाकार अपने काम को लेकर बेहद गंभीर और योजनाबद्ध थे। उन्होंने कहा कि दोनों ने अपने काम पर ध्यान दिया और उसी की वजह से उनकी पहचान बनी। राजेश खन्ना और धर्मेंद्र ने कभी जान-बूझकर कोई खास पब्लिक इमेज बनाने की कोशिश नहीं की। उनका काम ही उनकी पहचान और स्टारडम की वजह बना।
'लोगों ने खत्म समझा, लेकिन मैं लौटता रहा'
अपने करियर पर बात करते हुए गोविंदा ने कहा कि कई बार लोगों ने उन्हें फिल्मों से बाहर मान लिया, लेकिन उन्होंने हर बार नई शुरुआत की। उन्होंने अपनी वापसी को किस्मत से जोड़ते हुए कहा कि शायद यही वजह है कि उन्हें बार-बार खुद को साबित करने का मौका मिला।
गोविंदा इन दिनों कोमल रानी स्वर्णकार के साथ अपनी आगामी फिल्म 'रूपा' के प्रमोशन में व्यस्त हैं। यह फिल्म लंबे अंतराल के बाद उनकी वापसी का संकेत मानी जा रही है। अभिनेता ने उम्मीद जताई कि फिल्म दर्शकों को पसंद आएगी और वह उनकी कल्पना से भी आगे का असर छोड़ने में कामयाब होगी।

