पैर टूटा था, आंख में भी चोट थी... सुशांत की मौत पर फिर उठे सवाल, बहन श्वेता ने पोस्टमार्टम का हवाला देकर किया बड़ा दावा
सुशांत सिंह राजपूत की मौत पर बहन श्वेता का बड़ा दावा
Sushant Singh Dealth Case : दिवंगत बॉलीवुड अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत के निधन को छह साल से ज्यादा समय बीत चुका है, लेकिन उनकी मौत आज भी चर्चा और सवालों के घेरे में रहती है। अब उनकी बहन श्वेता सिंह कीर्ति ने एक वीडियो शेयर कर अभिनेता की मौत को लेकर कुछ गंभीर दावे किए हैं। श्वेता ने कथित तौर पर पोस्टमार्टम से जुड़ी जानकारी का हवाला देते हुए सुशांत के शरीर पर चोट के निशान होने और उनके साथ हिंसा किए जाने का दावा किया है।
‘पोस्टमार्टम करने वाले व्यक्ति ने बताई ये बात’
श्वेता ने सोशल मीडिया पर शेयर किए गए वीडियो में कहा कि हाल ही में उन्हें उस व्यक्ति के बारे में जानकारी मिली, जिसने सुशांत का पोस्टमार्टम किया था। श्वेता के मुताबिक, उस व्यक्ति ने कथित तौर पर बताया कि सुशांत पर हमला किया गया था और उनके शरीर पर चोट के निशान थे।
उन्होंने दावा किया कि सुशांत का पैर टूटा हुआ था और उनकी आंख पर भी चोट लगी थी। श्वेता ने वीडियो में यह भी कहा कि उन्हें गन के इस्तेमाल की जानकारी दी गई थी। हालांकि, ये सभी बातें श्वेता द्वारा किए गए दावे हैं और इन्हें स्वतंत्र रूप से सत्यापित तथ्य के तौर पर पेश नहीं किया जा सकता।
View this post on Instagram
‘करीबी के साथ ऐसा हो तो दर्द बहुत गहरा होता है’
भाई की मौत को याद करते हुए श्वेता भावुक नजर आईं। उन्होंने कहा कि किसी अपने को खोने का दर्द बेहद गहरा होता है और जब किसी करीबी के साथ कुछ गलत होने की बात सामने आए तो उसे स्वीकार करना और माफ करना आसान नहीं होता। हालांकि, श्वेता ने साफ किया कि वह नफरत या बदले की भावना में नहीं डूबना चाहतीं। उन्होंने कहा कि उनकी जिंदगी का उद्देश्य प्यार, विश्वास, अच्छाई और ईश्वर के लिए खड़े रहना है।
लोगों से की नेगेटिविटी से दूर रहने की अपील
श्वेता ने अपने फैंस और सुशांत के चाहने वालों से भी अपील की कि वे इस पूरे मामले के बीच अपनी उम्मीद और अच्छाई पर भरोसा न खोएं। उन्होंने कहा कि दुनिया में अन्याय हो सकता है, लेकिन लोगों को अपने भीतर नफरत और नकारात्मकता को जगह नहीं देनी चाहिए।
गौरतलब है कि सुशांत सिंह राजपूत 14 जून 2020 को मुंबई स्थित अपने आवास पर मृत पाए गए थे। उनकी मौत के बाद मामले की जांच कई स्तरों पर हुई और यह मामला लंबे समय तक देशभर में चर्चा का विषय बना रहा।

