Health Alert : क्या आप भी 8 घंटे कुर्सी से चिपके रहते हैं? 30 की उम्र में ही बूढ़ी हो सकती हैं हड्डियां
ऑफिस की कुर्सी बन सकती है सेहत की सबसे बड़ी दुश्मन
Health Alert : आजकल ज्यादातर लोग 8 से 10 घंटे तक ऑफिस में लैपटॉप या कंप्यूटर के सामने बैठकर काम करते हैं। काम की भागदौड़ में हम अपनी बॉडी पॉश्चर पर ध्यान ही नहीं देते, लेकिन रोजाना घंटों तक गलत तरीके से बैठना धीरे-धीरे शरीर को नुकसान पहुंचा सकता है। शुरुआत में हल्का गर्दन या कमर दर्द महसूस होता है, लेकिन समय के साथ यही परेशानी स्पॉन्डिलाइटिस, स्लिप डिस्क और क्रोनिक बैक पेन जैसी गंभीर समस्याओं का कारण बन सकती है।
गर्दन झुकाकर बैठना पड़ सकता है भारी
अगर कंप्यूटर स्क्रीन आंखों के लेवल से नीचे है, तो काम करते समय गर्दन लगातार आगे झुकानी पड़ती है। इससे गर्दन की हड्डियों और मांसपेशियों पर सामान्य से कई गुना ज्यादा दबाव पड़ता है। लंबे सम य तक ऐसा करने से सर्वाइकल दर्द, कंधों में जकड़न और स्पॉन्डिलाइटिस का खतरा बढ़ सकता है।
झुककर बैठने से बिगड़ती है रीढ़ की सेहत
कई लोग कुर्सी के बैक सपोर्ट का इस्तेमाल नहीं करते और आगे की ओर झुककर बैठते हैं। इससे रीढ़ की हड्डी का प्राकृतिक आकार बिगड़ने लगता है। इसका असर कमर, पीठ और फेफड़ों पर भी पड़ता है। शरीर जल्दी थकने लगता है और लंबे समय में स्लिप डिस्क जैसी समस्या हो सकती है।
घंटों तक बैठे रहना भी है खतरनाक
बिना ब्रेक लिए लगातार कई घंटे बैठे रहना भी सेहत के लिए सही नहीं है। इससे शरीर का मेटाबॉलिज्म धीमा पड़ता है, ब्लड सर्कुलेशन प्रभावित होता है और वजन बढ़ने की संभावना बढ़ जाती है। लंबे समय तक बैठे रहने से दिल की बीमारियों, हाई ब्लड शुगर और पैरों में सूजन का जोखिम भी बढ़ सकता है।
पैर पर पैर चढ़ाकर बैठने से बचें
एक पैर के ऊपर दूसरा पैर रखकर लंबे समय तक बैठना भी नुकसानदायक माना जाता है। इससे कमर और रीढ़ पर असमान दबाव पड़ता है। साथ ही पैरों में ब्लड फ्लो प्रभावित हो सकता है और नसों पर अतिरिक्त दबाव पड़ता है।
सही पॉश्चर अपनाएं, शरीर रहेगा फिट
काम करते समय मॉनिटर आंखों के सामने रखें। कोहनी, कमर और घुटनों का एंगल लगभग 90 डिग्री होना चाहिए। दोनों पैर जमीन पर सीधे टिके रहें। हर 20 मिनट में 20 सेकंड के लिए 20 फीट दूर देखें और हर घंटे कम से कम 2 मिनट टहलें। छोटी-छोटी ये आदतें आपकी रीढ़, आंखों और पूरे शरीर को लंबे समय तक स्वस्थ रखने में मदद कर सकती हैं।

