पहली बार बड़े पर्दे पर ऐसे दिखेगी छठ पूजा... फिल्म के लिए मेकर्स ने रखा परंपराओं का खास ध्यान, तमन्ना ने की जमकर तारीफ
25 सितंबर को आएगी 'द व्वान', रिलीज से पहले तमन्ना के 'छठी मैया' गाने की खूब चर्चा
The Vvaan Release Date : बॉलीवुड एक्ट्रेस तमन्ना भाटिया इन दिनों अपनी आगामी फिल्म 'द व्वान: फोर्स ऑफ द फॉरेस्ट' को लेकर चर्चा में हैं। फिल्म में सिद्धार्थ मल्होत्रा के साथ नजर आने वाली तमन्ना ने इसके गाने 'छठी मैया' को लेकर अपने अनुभव साझा किए। दिल्ली में फिल्म के प्रमोशनल इवेंट के दौरान उन्होंने कहा कि इस गाने को दर्शकों से काफी प्यार मिला है। उन्होंने यह भी बताया कि गाने की शूटिंग के दौरान मेकर्स ने छठ पूजा की सांस्कृतिक और धार्मिक भावनाओं का खास ध्यान रखा।
'पहली बार हिंदी सिनेमा में ऐसे दिखी छठ पूजा'
तमन्ना ने कहा कि 'छठी मैया' के जरिए पहली बार हिंदी सिनेमा में छठ पूजा को इस अंदाज में प्रस्तुत किया गया है। उनके मुताबिक, निर्देशक दीपक मिश्रा और अरुणाभ कुमार इस त्योहार की परंपराओं और सांस्कृतिक महत्व को अच्छी तरह समझते हैं। इसी वजह से शूटिंग के दौरान हर छोटी-बड़ी चीज को बेहद सावधानी और सम्मान के साथ फिल्माया गया। एक्ट्रेस ने बताया कि मेकर्स चाहते थे कि पर्दे पर छठ पूजा की खूबसूरती के साथ उसकी भावनात्मक गहराई भी दिखाई दे। इसके लिए शूटिंग के दौरान त्योहार की मूल भावना और परंपराओं का पूरा ख्याल रखा गया।
View this post on Instagram
तमन्ना के लिए 'छठ पूजा' का मतलब है आभार
गाने की भावना के बारे में बात करते हुए तमन्ना ने कहा कि छठ पूजा उनके लिए आभार और कृतज्ञता का प्रतीक है। जिंदगी में आने वाली खुशियों और उतार-चढ़ाव के बीच जो कुछ मिला है, उसके लिए शुक्रिया अदा करना ही इस त्योहार की खास भावना है। उन्होंने कहा कि इसी भावना को 'छठी मैया' गाने में समेटने की कोशिश की गई है। तमन्ना ने कहा कि गाने को दर्शकों का प्यार मिलना उनके लिए बेहद खुशी और कृतज्ञता की बात है।
लोककथा और फैंटेसी का अनोखा मेल
'द व्वान: फोर्स ऑफ द फॉरेस्ट' में टीवीएफ के अरुणाभ कुमार, निर्देशक दीपक मिश्रा और एकता कपूर साथ आए हैं। फिल्म में लोककथा, फैंटेसी, एडवेंचर, मिस्ट्री और ह्यूमर का मिश्रण देखने को मिलेगा। फिल्म में सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया मुख्य भूमिकाओं में हैं।
फिल्म को बालाजी मोशन पिक्चर्स, टीवीएफ और 11.11 प्रोडक्शन के सहयोग से प्रस्तुत किया गया है। शोभा कपूर, एकता आर कपूर, अरुणाभ कुमार और नीरज कोठारी इसके निर्माता हैं। फिल्म के सिनेमैटोग्राफर और विजुअल डायरेक्टर मनु आनंद हैं।
25 सितंबर को सिनेमाघरों में दस्तक
'द व्वान: फोर्स ऑफ द फॉरेस्ट' 25 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए तैयार है। फिल्म के 'छठी मैया' गाने को मिल रहे रिस्पॉन्स के बीच अब दर्शकों की नजरें इसकी कहानी और सिद्धार्थ-तमन्ना की ऑनस्क्रीन जोड़ी पर भी टिकी हैं।

