Eating Mango Tips : स्वाद में लाजवाब लेकिन ज्यादा खाया तो बिगड़ जाएगा पेट... जानिए आम के फायदे-नुकसान
आम खाने से पहले जान लें ये जरूरी बातें, वरना सेहत पड़ सकती है भारी
Mango Benefits or Side Effect : गर्मियों का मौसम आते ही बाजारों में आम की मिठास छा जाती है। फलों का राजा कहलाने वाला आम स्वाद के साथ-साथ पोषण से भी भरपूर होता है। बच्चे हों या बड़े, शायद ही कोई ऐसा हो जिसे आम पसंद न हो,लेकिन क्या आप जानते हैं कि अगर आम सही मात्रा में न खाया जाए तो यह पेट की परेशानी, वजन बढ़ने और शुगर जैसी समस्याओं का कारण भी बन सकता है? इसलिए आम खाने के फायदे और नुकसान दोनों को समझना जरूरी है।
आम खाने के फायदे
इम्यूनिटी मजबूत करता है
आम में मौजूद विटामिन-सी शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने में मदद करता है। यह संक्रमण से लड़ने में सहायक होता है और शरीर को अंदर से मजबूत बनाता है। गर्मियों में थकान और कमजोरी महसूस होने पर आम राहत दे सकता है।
आंखों के लिए फायदेमंद
आम में विटामिन ए, विटामिन सी, फाइबर, पोटैशियम, बीटा-कैरोटीन और एंटीऑक्सीडेंट भरपूर मात्रा में पाए जाते हैं, होता है, आंखों की रोशनी को बेहतर बनाए रखने में मदद करता है। यह ड्राई आई और कमजोर नजर जैसी समस्याओं के खतरे को कम कर सकता है।
पाचन में मददगार
आम में फाइबर और पाचन एंजाइम पाए जाते हैं, जो भोजन को पचाने में मदद करते हैं। सीमित मात्रा में आम खाने से कब्ज की समस्या कम हो सकती है।
ज्यादा आम खाने के नुकसान
पेट खराब हो सकता है
आम सेहत के लिए अच्छा माना जाता है, लेकिन जरूरत से ज्यादा सेवन नुकसान भी पहुंचा सकता है। बहुत ज्यादा आम खाने से पेट दर्द, गैस, अपच और दस्त जैसी समस्याएं हो सकती हैं। खासतौर पर खाली पेट अधिक आम खाना नुकसानदायक हो सकता है।
वजन और ब्लड शुगर बढ़ाए
आम में प्राकृतिक शुगर और कैलोरी काफी होती है। जरूरत से ज्यादा सेवन करने पर वजन बढ़ने का खतरा रहता है। इसके अलावा डायबिटीज के मरीजों को आम सीमित मात्रा में खाना चाहिए। ज्यादा आम खाने से ब्लड शुगर लेवल बढ़ सकता है।
एलर्जी की समस्या
कुछ लोगों को आम खाने से एलर्जी, खुजली या मुंह में जलन की शिकायत हो सकती है। कच्चे आम के छिलके में मौजूद तत्व संवेदनशील लोगों को नुकसान पहुंचा सकते हैं। आम की तासीर गर्म मानी जाती है। जरूरत से ज्यादा खाने पर मुंहासे, शरीर में गर्मी या फोड़े-फुंसी की समस्या हो सकती है।
आम खाने का सही तरीका
एक्सपर्ट के अनुसार, आम को खाने से पहले कुछ देर पानी में भिगोकर रखना बेहतर माना जाता है। इससे उसकी गर्म तासीर कुछ हद तक कम हो सकती है। एक दिन में 1 से 2 आम सही माना जाता है, लेकिन यह व्यक्ति की उम्र, स्वास्थ्य और शारीरिक गतिविधि पर भी निर्भर करता है। अगर आप डायबिटीज, मोटापा या पाचन संबंधी समस्या से जूझ रहे हैं तो डॉक्टर या डाइटीशियन की सलाह के अनुसार ही आम का सेवन करें।
