Border 2 : ट्रोलिंग पर वरुण धवन का बेबाक बयान, कहा- 'मैं इसे दिल पर नहीं लेता'
फिल्म में उनकी मुस्कान के लिए उन्हें ट्रोल किया गया
Border 2 : अभिनेता वरुण धवन ने आज कहा कि सोशल मीडिया पर ट्रोलिंग से उन्हें ज्यादा फर्क नहीं पड़ता, क्योंकि उन्हें परिवार और सलमान खान समेत शुभचिंतकों का साथ मिला हुआ है। हाल ही में रिलीज हुई फिल्म 'बॉर्डर 2' में अभिनय को लेकर वरुण धवन को ऑनलाइन काफी आलोचनाओं का सामना करना पड़ा। यह फिल्म ब्लॉकबस्टर साबित हुई है।
23 जनवरी को रिलीज होने के बाद से अब तक 300 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई कर चुकी है। फिल्म का गाना 'घर कब आओगे' रिलीज होने के बाद सोशल मीडिया पर कुछ लोगों ने वरुण धवन के हाव-भाव की आलोचना की। कुछ ने वरुण के अभिनय पर सवाल उठाते हुए कहा कि वह एक सैनिक की भूमिका के लिए उपयुक्त नहीं हैं। वरुण से 'बॉर्डर 2' की सफलता के बाद आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में ट्रोलिंग के बारे में पूछा गया। उन्होंने कहा कि ट्रोलिंग सबके साथ होती है। यह एक चलन बन गया है, एक फैशन सा हो गया है। कुछ लोग इसे आसानी से झेल लेते हैं, कुछ लोग नहीं झेल पाते। सौभाग्य से, मैं इसे झेल सका। मैंने इसे कभी गंभीरता से नहीं लिया।
सौभाग्य से, मुझे परिवार का साथ मिला। फिल्म में उनकी मुस्कान के लिए उन्हें ट्रोल किया गया, जो उन्होंने पहली बार अपनी 2017 की फिल्म 'बद्रीनाथ की दुल्हनिया' में की थी। वरुण ने कहा कि मुझे ट्रोल करने का कारण वह चीज है, जो मैंने 'बद्रीनाथ की दुल्हनिया' में की थी। मेरी उस मुस्कान की वजह से, ट्रोल करने वाले मेरी नकल कर रहे हैं। मैंने सोचा कि अगर इससे आपको फायदा हो रहा है तो ठीक है, लेकिन इससे कोई फर्क नहीं पड़ता, क्योंकि वह एक गंभीर किरदार था।
मेरी अगली फिल्म कॉमेडी है और मैं गारंटी देता हूं कि मैं उस मुस्कान का इस्तेमाल कॉमेडी में ही करूंगा। मैं इसे क्यों छोड़ दूं? अभिनेता ने यह भी बताया कि जब उन्हें ट्रोल किया जा रहा था, तब सलमान खान ने उन्हें फोन किया था। जब यह सब (ट्रोलिंग) होता है, तो आपके साथ खड़े रहने वाले लोग बहुत मायने रखते हैं। उस दौरान, रात में सलमान भाई ने मुझसे फोन पर बात की थी। वह हंस रहे थे और बोले 'अच्छे दिन आने वाले हैं'। उनकी सलाह और उनका भरोसा मेरे लिए बहुत मायने रखता था।

