BIFF 2026 : 'जेनरेशन के-प्लस' में चमकी भारतीय फिल्म, रीमा दास की फिल्म को मिला खास अवॉर्ड
बर्लिन फिल्म महोत्सव में रीमा दास की 'नॉट ए हीरो' को 'क्रिस्टल बियर' विशेष सम्मान से नवाजा गया
BIFF 2026 : फिल्मकार रीमा दास द्वारा निर्देशित फिल्म ''नॉट ए हीरो'' को 2026 के बर्लिन अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव में 'क्रिस्टल बियर' विशेष सम्मान से नवाजा गया है। एक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, इस फिल्म को "बाल दर्शकों के साथ इसके गहरे जुड़ाव" के लिए सराहा गया। फिल्म का प्रदर्शन पिछले सप्ताह 'जेनरेशन के-प्लस' प्रतिस्पर्धा श्रेणी में किया गया था।
दास ने कहा कि यह उनके लिए "बेहद सार्थक" है। उन्होंने एक बयान में कहा, ''यह फिल्म बच्चों को करीब से सुनने और उन पर भरोसा करने, उनकी शांत शक्ति, साहस और वे जो कुछ बनना चाहते हैं उसे चुनने के उनके अधिकार को ध्यान में रखकर बनाई गई।" शहर और गांव के बीच के संपर्क पर बनी ''नॉट ए हीरो'' एक ऐसे लड़के की कहानी है, जो एक अनजान दुनिया में अपनी राह तलाशता है।
फिल्म असमिया, हिंदी और अंग्रेजी में बनी है। इसमें भुमन भार्गव दास और सुकन्या बरुआ के साथ कई गैर-पेशेवर कलाकारों ने अभिनय किया है। भार्गव दास ने कहा, "मैं इस पुरस्कार से बेहद खुश हूं। फिल्म का प्रदर्शन शानदार रहा तथा इसे देखने के लिए मेरे जैसे बच्चे बड़ी संख्या में पहुंचे थे।''
वहीं, बरुआ ने कहा, "यह मेरी पहली फिल्म और मेरा पहला 'बर्लिनाले' (बर्लिन फिल्म महोत्सव) है। यह अब भी एक सपने जैसा लग रहा है। ''नॉट ए हीरो'' का हिस्सा बनना एक शानदार सफर रहा है।'' फिल्म का निर्माण रीमा दास के बैनर 'फ्लाइंग रीवर फिल्म्स' के तहत अकांगा फिल्म एशिया के सहयोग से किया गया।

