Ananya Raj Passed Away : '7 आवर्स टू गो' फेम एक्ट्रेस अनन्या राज का निधन, 35 की उम्र में नींद में ली अंतिम सांस
अभिनेत्री अनन्या राज का 35 वर्ष की आयु में निधन
Ananya Raj Passed Away : ''द फाइनल एग्जिट'', ''7 आवर्स टू गो'', और ''घोस्ट'' जैसी फिल्मों में अभिनय के लिए चर्चित अभिनेत्री अनन्या राज का पिछले महीने निधन हो गया। उनके परिवार ने यह जानकारी दी है। अनन्या के निधन के एक महीने से अधिक समय बाद परिवार द्वारा इंस्टाग्राम पर साझा किए गए एक बयान में कहा गया है, 35-वर्षीय अभिनेत्री का निधन 15 जुलाई को तड़के हो गया।
बयान में कहा गया, "अत्यंत दु:ख के साथ हमें यह सूचित करना पड़ रहा है कि 15 जुलाई की तड़के अनन्या का निधन हो गया। नींद में ही उन्होंने अंतिम सांस ली। वह एक साल से अधिक समय से शारीरिक और मानसिक अस्वस्थता से जूझ रही थीं। उन्होंने एक योद्धा की तरह इसका सामना किया। वह एक मजबूत इरादों वाली लड़की थीं और एक रानी की तरह जीती थीं।"
परिवार ने कहा कि वे इस कठिन घड़ी में अपनी निजता का सम्मान किए जाने की उम्मीद करते हैं। अनन्या राज ने 2016 में फिल्म ''7 आवर्स टू गो'' से बॉलीवुड में अपने अभिनय करियर की शुरुआत की थी। इसके बाद वह 2017 में ''द फाइनल एग्जिट'' और 2019 में ''घोस्ट'' फिल्मों में नजर आईं। उन्होंने टी-सीरीज, जी म्यूजिक और टाइम्स म्यूजिक जैसी प्रमुख कंपनियों के लिए कई संगीत वीडियो में भी काम किया था।

