Tribune
PT
Subscribe To Print Edition About the Dainik Tribune Code Of Ethics Advertise with us Classifieds Download App
search-icon-img
Advertisement

KBC में छलका अमिताभ बच्चन का दर्द, बोले- धर्मेंद्र सिर्फ अभिनेता नहीं, एक एहसास थे

केबीसी के विशेष एपिसोड में धर्मेंद्र की आखिरी फिल्म ‘इक्कीस' की टीम पहुंची थी

  • fb
  • twitter
  • whatsapp
  • whatsapp
Advertisement

‘‘शोले'' जैसी मशहूर फिल्म में महान अभिनेता धर्मेंद्र के साथ काम कर चुके अमिताभ बच्चन हाल में ‘कौन बनेगा करोड़पति' (KBC) के एक विशेष कार्यक्रम में अपने दिवंगत सह-कलाकार को याद करते हुए भावुक हो गए। केबीसी के इस विशेष एपिसोड में धर्मेंद्र की आखिरी फिल्म ‘इक्कीस' की टीम पहुंची थी। धर्मेंद्र का नवंबर में 89 वर्ष की आयु में निधन हो गया था।

फिल्म में धर्मेंद्र ने अरुण खेत्रपाल के पिता की भूमिका निभाई है। अरुण खेत्रपाल इतिहास में परमवीर चक्र प्राप्त करने वाले सबसे कम उम्र के जवान थे। वह भारत-पाकिस्तान युद्ध के दौरान सिर्फ 21 वर्ष की आयु में शहीद हो गए थे। फिल्म में उनके नाती अगस्त्य नंदा ने अरुण खेत्रपाल का किरदार निभाया है। बच्चन ने कहा कि ‘‘इक्कीस'' धर्मेंद्र की अपने अनगिनत प्रशंसकों के लिए छोड़ी गई आखिरी अनमोल याद है।

Advertisement

बच्चन ने कहा कि एक कलाकार अपनी आखिरी सांस तक कला का प्रदर्शन करना चाहता है। और मेरे मित्र, मेरे परिवार जैसे, मेरे आदर्श धर्मेंद्र देओल जी ने यही किया। धरम जी सिर्फ एक इंसान नहीं थे, वह एक एहसास थे और एहसास कभी आपको छोड़कर नहीं जाता। वह याद बन जाता है, एक आशीर्वाद बन जाता है जो आपको आगे बढ़ते रहने की ताकत देता है।

Advertisement

अभिनेता जयदीप अहलावत ने कहा कि उन्हें धर्मेंद्र के साथ काफी समय बिताने का मौका मिला क्योंकि दोनों ने साथ में कई सीन किए थे। अहलावत फिल्म में एक पाकिस्तानी सेना अधिकारी की भूमिका निभा रहे हैं। जब भी वह सेट पर होते थे, तो ऐसा कभी नहीं लगता था कि आप किसी बड़े स्टार के साथ बैठे हैं, ऐसा लगता था कि वह आपके परिवार का ही हिस्सा हैं।

इसके बाद बच्चन ने फिल्म ‘‘शोले'' के सेट से धर्मेंद्र के बारे में एक मजेदार किस्सा सुनाया। बच्चन ने कहा कि हम बेंगलुरु में ‘शोले' की शूटिंग कर रहे थे। उनमें एक खास शारीरिक ताकत थी। वह पहलवान जैसे मजबूत हीरो थे। फिल्म (शोले) में मौत वाले सीन में जो दर्द आपने पर्दे पर देखा था वह असल लगता था। उन्होंने (धर्मेंद्र) मुझे इतनी जोर से पकड़ा हुआ था कि वह दर्द अपने आप स्वाभाविक अभिनय बन गया। फिल्म ‘‘इक्कीस'' वीरवार को सिनेमाघरों में रिलीज हुई।

Advertisement
×