गांव जांबा में 10 को होगा युवा मिलन समारोह : रामचंद्र
सांसद रणदीप सुरजेवाला बतौर मुख्यातिथि करेंगे शिरकत
जिला कांग्रेस कमेटी के कैथल अध्यक्ष रामचंद्र गुर्जर ढांड ने कहा कि 10 जनवरी को सुबह 11 बजे पूंडरी के गांव जांबा में युवा कांग्रेसी नेता जस्सा जांबा द्वारा युवा मिलन समारोह आयोजित किया जाएगा। मुख्यातिथि के रूप में कांग्रेस राष्ट्रीय महासचिव व सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला शिरकत करेंगे। ढांड की नयी अनाज मंडी स्थित कांग्रेस कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत में कांग्रेस जिलाध्यक्ष रामचंद्र ने कहा कि समारोह को लेकर युवा शक्ति में भारी जोश है और रिकाॅर्ड तोड़ संख्या में युवा वर्ग भार लेगा। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं, युवा साथियों सहित हर वर्ग के लोगों को समारोह में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।
रामचंद्र गुर्जर ने कहा कि चुनाव में युवाओं को पक्का रोजगार देने का वादा करने वाली भाजपा सरकार आज युवाओं के हितों से खिलवाड़ करने में कोई कसर नहीं छोड़ रही। प्रदेश में विभिन्न सरकारी विभागों में लाखों की तादाद में पद खाली पड़े हैं, लेकिन सरकार पक्की भर्तियां करने की जहमत तक नहीं उठा रही। उन्होंने कहा कि रोजगार न मिलने के कारण युवा विदेशों में पलायन करने पर विवश है। भाजपा सरकार के खिलाफ अब युवाओं में भारी रोष है।

