मेहनत के दम पर युवा हासिल कर सकते हैं नई ऊंचाइयां : कश्यप
इन्द्री के गांव नेवल में कश्यप प्रतिभा सम्मान समारोह
कश्यप राजपूत वेलफेयर सोसायटी की ओर से प्रधान नफे सिंह की अध्यक्षता में इन्द्री हल्के के गांव नेवल स्थित मीना पैलेस में दूसरा ‘कश्यप प्रतिभा सम्मान समारोह’ आयोजित किया गया। समारोह में विधायक एवं गवर्नमेंट चीफ व्हिप रामकुमार कश्यप ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की और कश्यप समाज के होनहार छात्र-छात्राओं, खिलाड़ियों तथा विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित किया। कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक रामकुमार कश्यप ने महर्षि कश्यप के चित्र पर पुष्प अर्पित कर और दीप प्रज्वलित कर किया।
विधायक कश्यप ने कहा कि समाज के युवाओं में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, आवश्यकता केवल इस बात की है कि उनकी प्रतिभा को पहचानकर उन्हें उचित मंच और मार्गदर्शन प्रदान किया जाए। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे शिक्षा के साथ-साथ खेल व अन्य रचनात्मक क्षेत्रों में भी कड़ी मेहनत और लगन से आगे बढ़ें। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से युवाओं का आत्मविश्वास बढ़ता है और वे भविष्य में और बेहतर करने के लिए प्रेरित होते हैं।
सोसायटी के महासचिव प्रजान मेहरा ने संस्था के उद्देश्यों की जानकारी देते हुए युवाओं को अनुशासन और मेहनत के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि कश्यप राजपूत वेलफेयर सोसायटी एक गैर-राजनीतिक संस्था है, जो समाज की छिपी हुई प्रतिभाओं को तलाशने और उन्हें आगे बढ़ाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। इस अवसर पर पूर्व विधायक रमेश कश्यप, सुरेंद्र माजरी, अनूप भारद्वाज, पूर्व डीएसपी करताराम कश्यप और धर्मबीर देहरा सहित संस्था के तमाम पदाधिकारी व गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। इससे पहले, विधायक रामकुमार कश्यप ने उपमंडल के गांव बुटानखेड़ी में ‘विधायक सेवा संकल्प अभियान’ के तहत आंगनवाड़ी केंद्र में आयोजित ‘आंगन मिलन समारोह’ में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने आंगनवाड़ी कार्यकर्ता सुषमा रानी और सुदेश के समर्पण, सेवाभाव तथा निरंतर प्रयासों की सराहना की। इस अवसर पर सरपंच जोगिंदर सिंह कश्यप, रघुवीर सिंह बतान, मंडल अध्यक्ष अनुज गर्ग, राजपाल नंबरदार, रामरतन कश्यप और नवनीत उपस्थित रहे।

