युवाओं को अब योग्यता के दम पर मिल रहा रोजगार : मैहला
भाजपा ढांड मंडल अध्यक्ष एवं मार्केट कमेटी के चेयरमैन विजेंद्र मैहला ने प्रदेश सरकार की युवा-केंद्रित नीतियों की सराहना करते हुए कहा कि सरकार युवाओं को शिक्षा, रोजगार और कौशल विकास के बेहतरीन अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में पूरी...
भाजपा ढांड मंडल अध्यक्ष एवं मार्केट कमेटी के चेयरमैन विजेंद्र मैहला ने प्रदेश सरकार की युवा-केंद्रित नीतियों की सराहना करते हुए कहा कि सरकार युवाओं को शिक्षा, रोजगार और कौशल विकास के बेहतरीन अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। युवाओं के लिए कल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनका मुख्य उद्देश्य उन्हें आत्मनिर्भर बनाना व रोजगार के नए अवसरों से जोड़ना है।
कैथल में प्रेस बयान जारी करते हुए विजेंद्र मैहला ने कहा कि सैनी सरकार में प्रदेश की सरकारी भर्तियों में पारदर्शिता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। प्रदेश में लागू की गई ‘बिना पर्ची-बिना खर्ची’ की नीति के चलते आज के युवाओं के मन में यह अटूट विश्वास मजबूत हुआ है कि उन्हें केवल अपनी मेहनत और योग्यता के आधार पर ही निष्पक्ष रूप से आगे बढ़ने के अवसर मिल सकते हैं। साथ ही युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर और प्रतिस्पर्धी माहौल उपलब्ध कराने के लिए भी निरंतर प्रयास जारी हैं। चेयरमैन मैहला ने कहा कि आज गांवों और शहरों में स्थापित लाइब्रेरियों में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं की संख्या में लगातार भारी इजाफा हो रहा है, जो समाज में एक सकारात्मक बदलाव का स्पष्ट संकेत है।

