नागरिक अस्पताल में बनी योग वाटिका का उद्घाटन शुक्रवार को विधायक घनश्याम दास अरोड़ा ने किया। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में मुकेश गर्ग, मेंबर लीगल अथॉरिटी एवं एचईआरसी हरियाणा उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान योगाचार्य मोहन व योगी जय कुमार द्वारा उपस्थित सभी को योग वाटिका में योगाभ्यास कराया गया। इस अवसर पर अस्पताल में अधिकारी-कर्मचारियों के लिए व मरीजों-तीमारदारों के लिए पार्किंग का आरम्भ भी मुख्य अतिथि व विशिष्ट अतिथि द्वारा किया गया। स्वयंसेवी संस्थाओं द्वारा आयोजित अस्पताल में रक्तदान शिविर में रक्तदाताओं को भी प्रोत्साहित किया। इस अवसर पर ईनर व्हील क्लब जगाधरी द्वारा रक्तदाताओं व अन्य मरीजों को फल वितरित किये गए। कार्यक्रम में चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अनुज मंगला, उप-सिविल सर्जन डॉ. दिव्या मंगला, डॉ. निशा गुरावा मौजूद रहे।
विधायक घनश्याम दास अरोड़ा ने कहा कि योग व्यक्ति को निरोगी रखता है। प्रतिदिन योगाभ्यास से विभिन्न रोगों से बचा जा सकता है। योग वाटिका मरीजों व उनके अभिभावकों के साथ-साथ कर्मचारियों को भी लाभ प्रदान करेंगी। मुकेश गर्ग ने कहा कि योग वाटिका अस्पताल परिसर की शोभा तो बढ़ाएगी ही साथ ही मरीजों के जल्द स्वास्थ्य प्राप्ति में भी सहयोग करेगी। स्वच्छ हवा में योग अधिक कारगर साबित होगा। साथ ही कहा कि रक्तदान महादान है, जिसके द्वारा किसी अन्य के जीवन को बचाया जाता है। ईनर व्हील क्लब जगाधरी की ओर से पारूल खन्ना ने अतिथि व अधिकारियों का आभार जताया।

