यमुनानगर का बाईपास चौक बना हादसों का कारण, चार माह से ट्रैफिक लाइट बंद
कमानी चौक, मटका चौक समेत कई चौकों पर लाइटें ठप, लग रहा जाम
सबसे व्यस्त बाईपास चौक पर पिछले 4 महीने से यातायात लाइटें बंद पड़ी हैं, जिसके चलते यहां आए दिन हादसे हो रहे हैं और भीषण जाम लग रहा है। इस चौक से प्रतिदिन हजारों वाहन दिल्ली, अम्बाला, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश और हिमाचल प्रदेश के लिए गुजरते हैं। शाम ढलते ही चारों दिशाओं से वाहनों के एक साथ निकलने की होड़ के कारण स्थिति बेकाबू हो जाती है और ट्रैफिक पुलिसकर्मी भी लाचार नजर आते हैं, क्योंकि शाम सात बजे के बाद यहां पुलिस बल मौजूद नहीं रहता।
भाजपा कर्मचारी प्रकोष्ठ के जिला संयोजक एवं कष्ट निवारण समिति सदस्य रोशन लाल शर्मा और समाजसेवी तरसेम मेहता ने बताया कि यमुनानगर में ट्रैफिक लाइटों का रखरखाव नगर निगम के अधीन है। पिछले 4 महीने से बाईपास चौक और कमानी चौक की लाइटें खराब हैं, जिससे शाम के समय गंभीर ट्रैफिक समस्या उत्पन्न हो रही है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में जब निगम अधिकारी राजेश शर्मा से बात की गई, तो उन्होंने टेंडर प्रक्रिया में अभी एक महीना और लगने की बात कही। इस संबंध में विधायक घनश्याम दास अरोड़ा, भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश सपरा और एसपी कमलदीप गोयल को भी अवगत कराया जा चुका है।
सभी चौकों पर लगनी हैं नई लाइटें : एसडीओ
निगम के एसडीओ राजेश शर्मा ने बताया कि यमुनानगर के बाईपास चौक, जगाधरी के मटका चौक, रक्षक विहार और भगत सिंह चौक पर नई यातायात लाइटें लगाई जानी हैं। मौजूदा लाइटें वर्ष 2002 की लगी हुई हैं, जो बार-बार खराब हो रही हैं और अब इनकी रिपेयर से स्थायी समाधान संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि सभी चौकों पर नई लाइटें लगाने का प्रस्ताव उच्च अधिकारियों के पास अप्रूवल के लिए भेजा गया है। स्वीकृति मिलते ही टेंडर प्रक्रिया पूरी कर नई लाइटें स्थापित कर दी जाएंगी, जिसमें कुछ समय लग सकता है।

