टाइल गोदाम की दीवार गिरने से महिला की मौत, 5 घायल
Woman dies after wall collapses डबवाली के साथ लगते बठिंडा जिले के सीमावर्ती गांव नरसिंह कॉलोनी में शुक्रवार दोपहर मालवा बाईपास रोड स्थित एक टाइल्स गोदाम में निर्माण कार्य के दौरान दीवार अचानक गिर गई। इससे मलबे के नीचे दबकर...
Woman dies after wall collapses डबवाली के साथ लगते बठिंडा जिले के सीमावर्ती गांव नरसिंह कॉलोनी में शुक्रवार दोपहर मालवा बाईपास रोड स्थित एक टाइल्स गोदाम में निर्माण कार्य के दौरान दीवार अचानक गिर गई। इससे मलबे के नीचे दबकर एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन महिलाएं और एक 16 वर्षीय किशोरी गंभीर रूप से घायल हो गईं। सभी घायलों को डबवाली के नागरिक अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, गोदाम में पुराने और नए हिस्से के बीच निर्माण व विस्तार का कार्य चल रहा था। इसी दौरान दीवार का एक बड़ा हिस्सा अचानक भरभराकर गिर पड़ा। हादसे के समय कुछ महिला मजदूर दीवार के पास बैठकर पानी पी रही थीं, तभी टाइलों सहित भारी मलबा उन पर आ गिरा और वे उसमें दब गईं।
स्थानीय दुकानदार भूषण कुमार ने बताया कि जोरदार आवाज सुनकर वह बाहर निकले तो देखा कि गोदाम की दीवार ढह चुकी थी और महिलाएं मलबे में फंसी हुई थीं। आसपास के लोगों और राहगीरों ने मिलकर राहत कार्य शुरू किया और करीब 40 मिनट की मशक्कत के बाद सभी को बाहर निकाला गया।
मृतक महिला की पहचान सुनीता (32) पत्नी राजेंद्र निवासी गांव बांडी के रूप में हुई है। घायल महिलाओं में सुखदीप, वीरपाल, महकप्रीत और 16 वर्षीय अमृत शामिल हैं। थाना संगत पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
