नगर पालिका प्रशासन ने शहर के विकास और नागरिकों की सेहत को तवज्जो देते हुए शनिवार को वार्ड 8 स्थित अग्रसेन पार्क में ओपन जिम की सौगात दी। करीब 3.33 लाख रुपये से तैयार इस जिम का उद्घाटन नगरपालिका प्रधान अंकित जैलदार ने किया। अब स्थानीय निवासी सुबह-शाम की सैर के साथ-साथ पार्क में आधुनिक मशीनों पर मुफ्त व्यायाम कर सकेंगे। अंकित जैलदार व सचिव पवन शर्मा ने बताया कि शहरवासियों को बेहतर सुविधाएं मुहैया कराना प्रशासन का मुख्य लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि इस पार्क में जिम स्थापित होने से युवाओं के साथ-साथ बुजुर्गों और महिलाओं को भी अपनी फिटनेस सुधारने में बड़ी मदद मिलेगी।
जैलदार ने कहा कि इन विकास कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा गया है। उन्होंने घोषणा की कि भविष्य में शहर के अन्य वार्डों के पार्कों को भी इसी तर्ज पर आधुनिक संसाधनों और जिम मशीनों से लैस किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान नपा अधिकारियों ने स्थानीय निवासियों से सार्वजनिक संपत्ति के उचित रखरखाव की अपील की ताकि इन मशीनों का लाभ लंबे समय तक मिल सके। इस अवसर पर पार्षद महिपाल बैरागी, रॉबिन जैलदार, नगर पालिका प्रशासन की ओर से अमित राणा, मोहित और सोमपाल सिंह मौजूद रहे।

