AMBALA विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने किया प्रदर्शन
लेंसकार्ट शोरूम में हिंदू धार्मिक प्रतीकों पर प्रतिबंध का मामला
Protests हाल ही में आई मीडिया रिपोर्ट्स और सोशल मीडिया पर सामने आए विवाद के बीच अंबाला स्थित लेंसकार्ट के शोरूम पर विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने शोरूम पहुंचकर कर्मचारियों को तिलक लगाकर अपनी आपत्ति दर्ज कराई और कंपनी की कथित नीतियों के खिलाफ विरोध जताया।
विरोध प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने कहा कि वे भारतीय संस्कृति और धार्मिक पहचान के सम्मान की मांग कर रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि भविष्य में इस प्रकार की नीतियां लागू की गईं तो विरोध और तेज किया जाएगा। कार्यक्रम में विश्व हिंदू परिषद के जिला मंत्री यश प्रकाश, कामला छावनी के नगर मंत्री अचलेश, सन्नी सोनकर, लोकेश, पुनीत, हिंदू जागरण मंच से जिला संयोजक रवि जाट एवं अन्य बड़ी संख्या में बजरंग दल के कार्यकर्ता मौजूद रहे।
उक्त प्रदर्शनकारियों का कहना था कि कंपनी की पूर्व ड्रेस कोड नीति में हिंदू धार्मिक प्रतीकों जैसे तिलक, बिंदी और कलावा पर रोक लगाए जाने की बात सामने आई थी जबकि अन्य धार्मिक प्रतीकों को अनुमति दी गई थी। इस मुद्दे ने देशभर में बहस और विरोध को जन्म दिया है। उन्होंने कहा कि विवाद बढ़ने के बाद कंपनी ने अपनी सफाई देते हुए संशोधित स्टाइल गाइड जारी कर बिंदी, तिलक, सिंदूर, कलावा सहित अन्य धार्मिक और सांस्कृतिक प्रतीकों को अनुमति देने की घोषणा की और किसी भी प्रकार की भावनात्मक ठेस के लिए खेद व्यक्त किया।

