स्वदेशी से अलख जगाने का काम कर रही विद्या भारती : गौरव गौतम
खेल मंत्री ने बालघर के नव निर्माण भवन के भू-तल का किया शिलान्यास
खेल मंत्री गौरव गौतम ने श्रीमद भागवद गीता प्राथमिक विद्यालय (बालघर) परिसर में नव निर्माण भवन के भू-तल का शिलान्यास किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्या भारती हरियाणा के अध्यक्ष प्रो. देव प्रसाद भारद्वाज ने की। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में डाॅ. ऋषि राज वशिष्ठ अध्यक्ष हिंदू शिक्षा समिति एवं मुख्य वक्ता डाॅ. संजीव कुमार, विद्यालय प्रबंध समिति प्रबंधक जीवन मौदगिल, कोषाध्यक्ष धीरज गोयल एवं सभी सदस्यों मौजूद रहे।
खेल मंत्री ने बताया कि विद्यालय भवन का निर्माण विद्यार्थियों के शैक्षिक विकास में मील का पत्थर सिद्ध होगा। उन्होंने विद्यालय के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए बताया कि शिक्षा में भारतीयता, शिक्षा में संस्कृति, हमारी आने वाली पीढ़ी जो 2047 में भारत का स्वरूप होगा। उस स्वरूप में शिक्षा, संस्कार और स्वदेशी के माध्यम से अलख जगाने का जो कार्य विद्या भारती कर रही है, वह वास्तव में सराहनीय है और आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत है। विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष सतपाल शर्मा व विद्यालय प्रधानाचार्या चेतना वशिष्ठ ने सभी अतिथियों का आभार जताया। इस अवसर पर कक्षा प्रथम से पंचम के विद्यार्थियों द्वारा योगा, कविता, वंदना एवं सांस्कृतिक गतिविधियां प्रस्तुत की गई।

