अमेरिकी डील भारतीय किसानों के हितों के खिलाफ : सुशील गुप्ता
आम आदमी पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष डॉ. सुशील गुप्ता ने मंगलवार को पानीपत में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप के हालिया ट्वीट और उससे जुड़ी भारत-अमेरिका डील पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि यह डील भारत के किसानों...
आम आदमी पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष डॉ. सुशील गुप्ता ने मंगलवार को पानीपत में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप के हालिया ट्वीट और उससे जुड़ी भारत-अमेरिका डील पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि यह डील भारत के किसानों और आम जनता के हितों के खिलाफ है और इसके दूरगामी परिणाम बेहद गंभीर होंगे। डॉ. गुप्ता ने कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति के ट्वीट में कृषि उत्पादों पर शुल्क शून्य किए जाने की बात साफ़ संकेत देती है कि भारत के कृषि बाज़ार को विदेशी कंपनियों के लिए खोला जा रहा है, इससे भारतीय किसान सस्ते विदेशी कृषि उत्पादों की मार झेलने को मजबूर होंगे और उनकी उपज के दाम और गिरेंगे। उन्होंने कहा कि यह किसानों की पीठ में छुरा घोंपने जैसा फैसला है। सरकार ने खेती जैसे संवेदनशील क्षेत्र को बिना सुरक्षा के छोड़ दिया है।
डॉ. गुप्ता ने डील के दूसरे पहलू पर सवाल उठाते हुए कहा कि वेनेजुएला से पेट्रोलियम पदार्थ आयात करने की बात का सीधा अर्थ है कि आने वाले समय में देश में महंगाई और बढ़ेगी। वेनेजुएला का कच्चा तेल अत्यधिक भारी होता है, जिसे परिष्कृत करने में अधिक खर्च आता है। इसका बोझ अंततः पेट्रोल-डीज़ल की कीमतों के रूप में जनता पर पड़ेगा। उन्होंने कहा कि सरकार जानबूझकर महंगाई का रास्ता खोल रही है। डॉ. गुप्ता ने आरोप लगाया कि अपने 2 उद्योगपति मित्रों को लाभ पहुंचाने के लिए सरकार ने 140 करोड़ भारतीयों के हितों को गिरवी रख दिया है। यह फैसला किसान, मजदूर, मध्यम वर्ग और आम उपभोक्ता सभी के खिलाफ है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि आम आदमी पार्टी आने वाले निकाय और नगर परिषद चुनाव अपने चुनाव चिन्ह पर पूरी मजबूती से लड़ेगी और जनता के मुद्दों को प्रमुखता से उठाएगी। प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष सुरेंद्र अहलावत, प्रदेश महिला अध्यक्ष डॉ. रजनीश, लोकसभा करनाल अध्यक्ष अजय सिंगला, लोकसभा उपाध्यक्ष डॉ. नरेंद्र जेसिया, जिला अध्यक्ष जसबीर जस्सा व जिला सचिव योगेश कौशिक मौजूद रहे।

