इनेलो के दबाव में भाजपा ने बुजुर्गों की पेंशन जारी की : रामपाल माजरा
प्रदेशाध्यक्ष बोले- पंचकूला का 20 फरवरी का कूच स्थगित
इनेलो प्रदेशाध्यक्ष रामपाल माजरा ने कहा कि प्रदेश सरकार ने इनेलो के 20 फरवरी के पंचकूला कूच को देखते हुए बुजुर्गों की रोकी पेंशन खातों में डाल दी है। इनेलो के पंचकूला आंदोलन के दबाव से सरकार झुक गई और पेंशन जारी कर दी। अब 20 फरवरी को प्रदेश में सभी जिला कार्यालयों में जीत का जश्न बनाया जाएगा। इनेलो के कार्यकर्ताओं के साथ बुजुर्ग भी शामिल होंगे। माजरा सेक्टर-20 में अपने निवास पर पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने परिवार पहचान पत्र में जिन बुजुर्गों के खाते में 3 लाख रुपए से ज्यादा का लेनदेन हुआ, उसके नाम पर शहर में 200 गज का प्लाॅट, गांव में 400 गज का प्लाॅट चढ़ा हुआ था, घर में एयरकंडीशन या कोई वाहन है, जैसी शर्तें लगाकर 3 से 4 माह में करीब 76 हजार बुजुर्गों की पेंशन रोक दी थी। इनेलो कार्यकर्ताओं ने गांव-गांव जाकर जिन बुजुर्गों की पेंशन रूकी थी, उनकी लिस्ट बनानी शुरू कर दी थी। इनेलो के पंचकूला में बड़े आंदोलन आंदोलन को देखते हुए सरकार दबाव में आई और बुजुर्गों की पेंशन बहाल कर उनके खातों में डाल दी। उन्होंने कहा कि बुजुर्गों की आयु के अलावा और कोई शर्त नहीं लगने देंगे।

