Tribune
PT
Subscribe To Print Edition About the Dainik Tribune Code Of Ethics Advertise with us Classifieds Download App
search-icon-img
Advertisement

अनियंत्रित ट्रक पेड़ से टकराया, आग लगने से ड्राइवर जिंदा जला

बहलोलपुर के पास दर्दनाक हादसा, डीजल टैंक फटने से फैली आग

  • fb
  • twitter
  • whatsapp
  • whatsapp
featured-img featured-img
बाबैन के पास पेड़ से टकराने के बाद आग की चपेट में आया ट्रक। -हप्र
Advertisement
गांव बहलोलपुर के पास शुक्रवार आधी रात को एक रूह कंपा देने वाला हादसा पेश आया। सड़क किनारे पेड़ से टकराने के बाद एक ट्रक में भीषण आग लग गई। हादसे में ट्रक चालक केबिन और स्टेयरिंग के बीच बुरी तरह फंस गया और उसे बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला। आग इतनी भयानक थी कि चालक की मौके पर ही जिंदा जलने से मौत हो गई। मृतक की पहचान नासिर उर्फ बबला (निवासी हवाना) के रूप में हुई है। नासिर पिछले कई वर्षों से यमुनानगर की एक ट्रांसपोर्ट कंपनी में ट्रक ड्राइवर के रूप में कार्यरत था। शुक्रवार रात करीब 12 बजे वह अपने घर से ट्रक लेकर यमुनानगर की ओर निकला था। उनके पीछे एक अन्य ट्रक में उसका साथी राजेश कुमार भी था। रास्ते में नासिर एक ढाबे पर खाना खाने के लिए रुक गए, जबकि राजेश आगे निकल गया। जब नासिर दोबारा रवाना हुआ तो बहलोलपुर के पास ट्रक अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराया।

प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस के अनुसार, पेड़ से टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रक का डीजल टैंक तुरंत फट गया और तेल लीक होते ही आग भड़क उठी। आग की लपटों ने मिनटों में केबिन को चपेट में ले लिया, जिससे नासिर को बाहर निकलने का रास्ता नहीं मिला। सड़क पर ट्रक को जलता देख ग्रामीणों ने डायल-112 को सूचना दी। लाडवा से फायर ब्रिगेड की 2 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब 20 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। पुलिस ने दो हाइड्रा मशीनें बुलवाईं और केबिन के हिस्से को अलग करके नासिर के जले हुए शव को बाहर निकाला। बाबैन पुलिस ने ट्रक पर लिखे नंबरों के आधार पर ट्रांसपोर्ट कंपनी और परिजनों को सूचना दी। परिजनों द्वारा पहचान किए जाने के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए एलएनजेपी अस्पताल कुरुक्षेत्र भेज दिया है।

Advertisement

Advertisement

Advertisement
×