आंगन में टंकी में डूबने से ढाई साल के बच्चे की मौत
जिले के गांव भट्टूकलां में रामसरा रोड स्थित घर में ढाई वर्षीय मासूम की आंगन में बनी टंकी में डूबने से मौत हो गई। सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस से मिली जानकारी...
जिले के गांव भट्टूकलां में रामसरा रोड स्थित घर में ढाई वर्षीय मासूम की आंगन में बनी टंकी में डूबने से मौत हो गई। सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, जिले के गांव बप्पा निवासी प्रेम कुमार का ढाई वर्षीय बेटा रजत अपनी मां महेंद्रों देवी के साथ अपने ननिहाल भट्टूकलां में मामा सतू के घर आया हुआ था। बताया गया है कि मंगलवार शाम को रजत घर के आंगन में खेल रहा था। इसी दौरान खेलते-खेलते वह अचानक आंगन में बने पानी की टंकी (कुंड) में गिर गया। परिजनों को जब घटना का पता चला तो उन्होंने तुरंत बच्चे को पानी से भरे कूंड से बाहर निकाला और उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भट्टू कलां लेकर पहुंचे। जहां डॉक्टर ने जांच के बाद बच्चे को मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि रजत अपने माता-पिता की इकलौती संतान था। परिजनों ने बिना कोई पुलिस कार्रवाई के ही बुधवार को बच्चे का अंतिम संस्कार कर दिया।

