शादीपुर, कैल व गुलाब नगर में बनेंगे तीन एमआरएफ सेंटर
विधायक ने नगर निगम, पीडब्ल्यूडी, सिंचाई व जन स्वास्थ्य विभाग के अफसरों से की बैठक
निगम क्षेत्र में शादीपुर, कैल व गुलाब नगर में तीन एमआरएफ सेंटर बनाए जाएंगे। जहां सूखे व गीले कचरे की छंटाई होगी। गीला कचरा बायोगैस प्लांट में जाएगा, जबकि अन्य कचरा निस्तारण प्लांट भेजा जाएगा। तीनों एमआरएफ सेंटरों की साढ़े 10 मीटर ऊंची दीवारें होंगी और बाहर 10 मीटर चौड़ी ग्रीन बेल्ट होगी। यह जानकारी निगम आयुक्त महाबीर प्रसाद व अतिरिक्त निगम आयुक्त धीरज कुमार ने निगम कार्यालय में विधायक घनश्याम दास अरोड़ा की अध्यक्षता में हुई बैठक में दी।
बैठक में विधायक घनश्याम दास अरोड़ा व मेयर सुमन बहमनी ने नगर निगम, जन स्वास्थ्य विभाग, सिंचाई व पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों से विभिन्न परियोजनाओं पर चर्चा की। बैठक में शहर के विकास, बेहतर सफाई व्यवस्था, पानी निकासी, पार्कों के सौंदर्यीकरण, हमीदा हेड पार्क, रिवर वाटर फ्रंट, बाड़ी माजरा में आईपीएस, भगवानगढ़ में बैडमिंटन हाल बनाने, खजुरी रोड पर नाला निर्माण, शादीपुर गांव में पानी निकासी, ड्रैनेज सिस्टम, सफाई व्यवस्था, बाड़ी माजरा पुल पर लाइट व्यवस्था, दशहरा ग्राउंड को विकसित करने का कार्य, विश्वकर्मा चौक से महाराणा प्रताप चौक तक साइड बर्म, नगर निगम कार्यालय के नए भवन, स्टॉर्म वाटर ड्रेन समेत विभिन्न परियोजनाओं पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नगर की सीवरेज व्यवस्था, सड़कों को गड्ढा मुक्त करने, पानी निकासी व शहर के विकास को लेकर किए जा रहे कार्यों में तेजी लाए।
बैठक में निगम आयुक्त महाबीर प्रसाद ने बताया कि पश्चिमी यमुना नहर किनारे रिवर वाटर फ्रंट का 10.35 करोड़ का टेंडर हो गया है। जल्द शिलान्यास कर कार्य शुरू कराया जाएगा। वहीं हमीदा पार्क परियोजना का शिलान्यास हो गया है। कुछ ही माह में हमीदा हेड के पास भव्य पार्क विकसित होगा। रेलवे लाइन के नीचे से निकलने वाली स्टॉर्म वाटर लाइन का रेलवे द्वारा काम किया जाना बाकी है। निगम द्वारा पाइप डालने का कार्य पूरा किया जा चुका है, अब केवल रेलवे का कार्य बाकी है। खजुरी रोड पर नाले व शादीपुर व आसपास के क्षेत्रों में नालियों बनाने के लिए 188 लाख का एस्टीमेट तैयार किया गया है। पब्लिक हेल्थ के अधिकारियों से विधायक अरोड़ा ने बाड़ी माजरा में आईपीएस और पश्चिमी यमुना नहर में गिर रहे पानी पर चर्चा की। बाड़ी माजरा पुल पर जल्द स्ट्रीट लाइट लगाई जाएगी। बैठक में अतिरिक्त निगम आयुक्त धीरज कुमार, कार्यकारी अभियंता विकास धीमान, नरेंद्र सुहाग, जन स्वास्थ्य विभाग के कार्यकारी अभियंता दिनेश गाबा, सीएसआई हरजीत सिंह, सीएसआई विनोद बेनीवाल, निगम अभियंता मृणाल जैयसवाल, मुनेश्वर भारद्वाज, सुरेंद्र दहिया, राजेश शर्मा आदि मौजूद रहें।

