पूर्व सीएम भजन लाल की कार्यशैली की कायल थी छत्तीस बिरादरी : खान
कांग्रेस विधायक ने की सांसद के बयान की निंदा
कांग्रेस विधायक एवं पूर्व मंत्री चौधरी अकरम खान ने पूर्व मुख्यमंत्री स्व. चौधरी भजन लाल के संदर्भ में भाजपा की राज्यसभा सांसद रेखा शर्मा द्वारा दिए गए हालिया बयान की कड़े शब्दों में निंदा की। उन्होंने कहा कि उच्च संवैधानिक व राजनीतिक पदों पर बैठे व्यक्तियों को सार्वजनिक मंचों से कुछ भी बोलने से पहले गहराई से सोचना जरूर चाहिए।
अकरम खान ने भाजपा सांसद के बयान को पूरी तरह से ‘अस्वीकार्य’ और अमर्यादित बताया। जगाधरी में पत्रकारों से बातचीत करते हुए कांग्रेस विधायक अकरम खान ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री चौधरी भजन लाल एक महान शख्सियत थे, जिन्होंने समाज और राष्ट्र के निर्माण में अपना अतुलनीय योगदान दिया। उन्होंने कहा कि ऐसे कद्दावर और जनप्रिय नेता को लेकर हल्की या ओछी टीका-टिप्पणी करना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है और इससे प्रदेश की जनता की भावनाओं को ठेस पहुंची है। अकरम खान ने कहा कि चौधरी भजन लाल ने हमेशा सिद्धांतों पर आधारित राजनीति की। उनकी कुशल कार्यशैली और मिलनसार स्वभाव की हरियाणा की छत्तीस बिरादरी कायल थी। जनकल्याणकारी सोच रखने वाला व्यक्ति चाहे किसी भी राजनीतिक दल से संबंध रखता हो, उसका राजनीति से ऊपर उठकर सदैव आदर-मान किया जाना चाहिए।

