बाबा साहेब के विचारों को हकीकत में उतारने की जरूरत : अशोक गुर्जर
गांव धौंस में डॉ. भीमराव अंबेडकर लाइब्रेरी हॉल का उद्घाटन
कैथल जिले के गांव धौंस में आयोजित कार्यक्रम में शुक्रवार को भाजपा के वरिष्ठ नेता अशोक गुर्जर ने मुख्यातिथि के रूप में शिरकत की और डॉ. भीमराव अंबेडकर लाइब्रेरी हॉल के उद्घाटन किया। आयोजकों एवं ग्रामीणों ने अशोक गुर्जर का फूलमालाओं से स्वागत करते हुए स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।
अशोक गुर्जर ने कहा कि संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर केवल एक व्यक्ति नहीं, बल्कि एक विचारधारा हैं, जो आज भी वंचित, पिछड़े और कमजोर वर्गों को अधिकार, सम्मान और भागीदारी का मार्ग दिखाती है। उन्होंने कहा कि इस लाइब्रेरी हॉल के माध्यम से गांव के युवाओं को शिक्षा, संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों से जुड़ने का अवसर मिलेगा। अशोक गुर्जर ने कहा कि आज बाबा साहेब के विचारों को केवल भाषणों तक सीमित न रखकर उन्हें जमीन पर उतारने की आवश्यकता है।
इस दौरान अशोक गुर्जर ने 31 जनवरी को कुरुक्षेत्र के गांव उमरी में होने वाले प्रदेश स्तरीय संत गुरु रविदास जयंती समारोह में भाग लेने का निमंत्रण भी दिया। कार्यक्रम में विशिष्ठ अतिथि के रूप में पूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष मुनीष कठवाड़ मौजूद रहे। गांव के सरपंच सतीश कुमार ने लाइब्रेरी निर्माण में सहयोग देने वाले सभी सामाजिक संगठनों और ग्रामवासियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में महन्त गुरनाम दास, गुरनाम बीबीयान, राजेंद्र कुमार, सीता राम, रामकिशन भी उपस्थित रहे।

