मंदिर में चोरी, माता का डेढ़ किलो चांदी का छत्र गायब
कलायत उपमंडल के गांव चौशाला स्थित ऐतिहासिक चमन ऋषि मंदिर में शुक्रवार रात एक चोर ने माता की मूर्ति पर सुशोभित करीब 1.6 किलो वजन का चांदी का छत्र चोरी कर लिया। शनिवार सुबह जब मंदिर के पुजारी बृजेश शर्मा...
कलायत उपमंडल के गांव चौशाला स्थित ऐतिहासिक चमन ऋषि मंदिर में शुक्रवार रात एक चोर ने माता की मूर्ति पर सुशोभित करीब 1.6 किलो वजन का चांदी का छत्र चोरी कर लिया। शनिवार सुबह जब मंदिर के पुजारी बृजेश शर्मा पट खोलने पहुंचे तो माता का छत्र गायब देख उनके होश उड़ गए। पुजारी की सूचना पर मंदिर में ग्रामीणों का तांता लग गया। चोरी हुए छत्र की बाजार में कीमत करीब साढ़े तीन लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और साक्ष्य जुटाए। मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर पता चला कि वारदात को रात करीब 2 बजे अंजाम दिया गया। फुटेज में एक संदिग्ध काले कपड़ों में नजर आ रहा है, जिसने पहचान छिपाने के लिए चेहरा ढका हुआ था। थाना प्रभारी सुभाष चंद्र व जांच अधिकारी बलजोर सिंह ने बताया कि फॉरेंसिक टीम ने उंगलियों के निशान और अन्य तकनीकी साक्ष्य एकत्र किए हैं। आसपास के रास्तों पर लगे कैमरों की भी जांच की जा रही है। पुलिस का दावा है कि संदिग्ध की कद-काठी और तकनीकी इनपुट के आधार पर आरोपी को जल्द काबू कर लिया जाएगा।

