नशे के खिलाफ देवधर के ग्रामीणों ने छेड़ी मुहिम
ग्राम पंचायत देवधर के ग्रामीणों ने गांव को नशामुक्त बनाने के लिए अभियान शुरू किया है। पंचायत ने नशा बेचने और करने वाले करीब तीन दर्जन संदिग्ध लोगों की सूची तैयार कर पुलिस को सौंपी है। ग्रामीणों ने नशे के...
ग्राम पंचायत देवधर के ग्रामीणों ने गांव को नशामुक्त बनाने के लिए अभियान शुरू किया है। पंचायत ने नशा बेचने और करने वाले करीब तीन दर्जन संदिग्ध लोगों की सूची तैयार कर पुलिस को सौंपी है। ग्रामीणों ने नशे के कारोबार पर दबाव बनाने के लिए संदिग्ध परिवारों का राशन बंद करने और बिजली कनेक्शन काटने जैसे कदम उठाने का भी ऐलान किया है।
गांव के युवाओं की टोलियां दिन-रात संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रख रही हैं। ग्रामीणों का कहना है कि इसके बावजूद कुछ युवक चोरी-छिपे नशा करते दिखाई दे रहे हैं। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में कुछ युवक कथित तौर पर नशा करते नजर आ रहे हैं। ग्रामीणों ने दावा किया है कि वीडियो में एक होमगार्ड जवान भी नशा करता दिखाई दे रहा है। हालांकि, इसकी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
सरपंच प्रतिनिधि मास्टर प्रेमचंद शर्मा ने बताया कि पंचायत स्तर पर नशे के खिलाफ लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और संदिग्धों की सूची पुलिस को सौंप दी गई है। थाना प्रताप नगर प्रभारी रोहतास सिंह ने बताया कि पुलिस का स्पेशल सेल और थाना पुलिस लगातार दबिश दे रही है। कुछ स्थानों पर नशीला पदार्थ नहीं मिलने के कारण कार्रवाई नहीं हो सकी। पुलिस और पंचायत मिलकर नशे के खिलाफ अभियान जारी रखे हुए हैं।

