नपा व दमकल कर्मियों की हड़ताल 15 तक बढ़ी, झंडारोहण के बाद होगी विचार गोष्ठी
13 मई के समझौते से पीछे हटने का आरोप, 17 से जनप्रतिनिधियों से करेंगे संपर्क
नगरपालिका कर्मचारी संघ हरियाणा और हरियाणा अग्निशमन विभाग कर्मचारी यूनियन की संयुक्त हड़ताल मंगलवार को यमुनानगर दमकल केंद्र पर छठे दिन भी जारी रही। दमकल केंद्र पर प्रधान विजेंद्र सिंह की अध्यक्षता और जिला कोषाध्यक्ष ललित कुमार के संचालन में हुए प्रदर्शन के दौरान अग्निशमन यूनियन के राज्य महासचिव गुलशन भारद्वाज ने घोषणा की कि सुखपुरा चौक स्थित कर्मचारी भवन में हुई राज्य कार्यकारिणी की बैठक में हड़ताल को 15 अगस्त तक बढ़ाने का सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया है।
उन्होंने बताया कि 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस पर झंडारोहण के बाद एक विचार गोष्ठी आयोजित की जाएगी, जिसमें राजनीतिक, सामाजिक नेताओं, बुद्धिजीवियों और मजदूर संगठनों को आमंत्रित कर सफाई व फायर कर्मचारियों की लंबित मांगों पर चर्चा की जाएगी। इसके बाद 17 अगस्त से कर्मचारी विधायक, सांसद, मेयर और अन्य जनप्रतिनिधियों से मिलकर आंदोलन के समर्थन की अपील करेंगे। गुलशन भारद्वाज ने आरोप लगाया कि सरकार ने 13 मई के समझौते से पीछे हटकर कर्मचारियों के साथ विश्वासघात किया है। उन्होंने कहा कि उस समझौते में कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने, ठेका प्रथा समाप्त करने, शहीद कर्मचारियों के परिवारों को 50-50 लाख रुपये व पक्की नौकरी देने सहित 17 सूत्रीय मांगों पर सहमति बनी थी, लेकिन बाद में 22 मई को उच्च न्यायालय में दिए गए शपथ पत्र में सरकार मुकर गई।
‘सरकार तिरंगा यात्राएं निकालने में व्यस्त’
फतेहाबाद (हप्र) : शहर में सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के चलते जगह-जगह कूड़े के ढेर लग गए हैं और नगर परिषद प्रशासन इन्हें उठवाने में पूरी तरह नाकाम साबित हो रहा है। हड़ताली पालिका कर्मचारी संघ ने अपनी हड़ताल को 15 अगस्त तक बढ़ा दिया है। नगर परिषद परिसर में धरने की अध्यक्षता करते हुए इकाई प्रधान नरेश राणा ने कहा कि सरकार समस्याओं का समाधान करने के बजाय केवल तिरंगा यात्राएं निकालने में व्यस्त है। यदि सरकार आज भी लिखित पत्र जारी कर दे, तो कर्मचारी तकाम पर लौट आएंगे।
प्रशासन की गाड़ियों को रोक जताया रोष
सिरसा (हप्र) : नगर पालिका कर्मचारी संघ के आह्वान पर चल रही हड़ताल के छठे दिन मंगलवार सुबह हिसार रोड बस स्टैंड के समीप जिला प्रशासन ने पुलिस और ठेकेदार के कर्मचारियों के सहयोग से कूड़ा उठाने का प्रयास किया। इसकी सूचना मिलते ही हड़ताली कर्मचारी मौके पर पहुंच गए और कड़ा विरोध जताते हुए ठेकेदार की गाड़ियों को वापस भेज दिया। नगर परिषद प्रांगण में इकाई प्रधान नरेश चौहान की अगुवाई में धरने पर बैठे कर्मचारियों ने स्पष्ट किया कि जब तक मांगें पूरी नहीं होतीं, आंदोलन जारी रहेगा। इस अवसर पर मनोज अटवाल, विरेंद्र अटवाल, रवि घारू व तेजपाल चावरिया सहित कई कर्मचारी मौजूद रहे।

